जन प्रवाद, ब्यूरो।
गौतमबुद्ध नगर। जिला कृषि अधिकारी गौतमबुद्ध नगर विवेक दुबे ने जनपद के समस्त कृषकों को बताया कि आगामी रबी सीजन में दलहनी, तिलहनी एवं खाद्यान्न फसलों की बुवाई के लिए उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीजों की उपलब्धता कृषि विभाग द्वारा सुनिश्चित की जा रही है। प्रदेश एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत पात्र कृषकों को नि:शुल्क बीज मिनीकिट तथा विभिन्न फसलों के प्रमाणित बीजों पर 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।
कृषि अधिकारी ने बताया कि अनुदानित बीज एवं नि:शुल्क बीज मिनीकिट प्राप्त करने के इच्छुक किसान कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल ......पर जाकर अपना ऑनलाइन आवेदन एवं बुकिंग शीघ्र पूर्ण कर लें। यदि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो लाभार्थियों का चयन नियमानुसार ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए किया जाएगा। योजना के अंतर्गत ई-लॉटरी से चयनित प्रत्येक कृषक को जोतबही के आधार पर एक बीज मिनीकिट अनुमन्य होगी।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि चयनित कृषकों को बीज एवं मिनी किट का वितरण राजकीय कृषि बीज भंडारों के माध्यम से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण एवं पीओएस मशीन के जरिए किया जाएगा। उन्होंने जनपद के समस्त कृषकों से अपील की कि वे समय रहते विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग पूर्ण कर लें, ताकि आगामी रबी सीजन में योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
फ्री बीज किट को आवेदन करें किसान, 50 प्रतिशत अनुदान का भी मिलेगा लाभ
26-Oct-2026





