जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा के दो अलग-अलग थाना पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में तीन घायल सहित चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अवैध हथियार, नकदी, चोरी की बाइक व मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस बाबत एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र ने विस्तार से जानकारी दी है।
एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना सेक्टर-20 पुलिस बीती रात डीएलएफ तिराहे के पास संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखते ही वह भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा तो मल्टीलेवल पार्किंग के पास झाड़ियों के पास पहुंचते ही पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश की पहचान सलमान पुत्र अब्दुल रसीद के रूप में की है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस, नकदी आदि सामान बरामद किया है। पुलिस ने दूसरे बदमाश दानिश पुत्र लियाकत को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से स्नेचिंग किया गया एक मोबाइल फोन एवं नकदी बरामद की है। घायल अभियुक्त सलमान को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्र ने बताया कि थाना सेक्टर-39 पुलिस गुरुवर और शुक्रवार की रात दादरी रोड नर्सरी सेक्टर-43 के पास संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी सेक्टर-49 रेड लाइट की तरफ से एक मोटर साइकिल पर दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय स्टेलर ग्रीन पार्क की तरफ भागने लगे। पुलिस को शक हुआ और उनका पीछा करने लगी। साथ ही थाने में इसकी सूचना दे दी गई। बदमाशों ने अपने आपको दोनों तरफ से घिरता देख बाइक को सोम बाजार से स्टेलर ग्रीन पार्कके पास जंगल वाले रास्ते की ओर मोड़ दिया। उन्होंने तेज भागने का प्रयास किया, लेकिन बारिश के कारण बाइक फिसलकर गिर गई। बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायलावस्था में दोनों को गिरफ्तार किया गया है।
एडीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सलमान पुत्र अय्यूब निवासी दिल्ली एवं तनवीर पुत्र मईनुद्दीन निवासी भजनपुरा दिल्ली के रूप में हुई है। अभियुक्तों के कब्जे से एक-एक अवैध तंमचा, दो खोखा कारतूस, दो जिन्दा कारतूस, घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटर साइकिल, स्नेचिंग की गई चेन को बेचकर प्राप्त किए गए दो लाख 19 हजार रुपए नकद बरामद हुए है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में क्रमश: 48 व 44 मुकदमे, चैन स्नेचिंग, लूट व चोरी के पंजीकृत हैं। दोनों घायल अभियुक्तों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





