एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, जनपद गौतमबुद्धनगर प्रशासन में हड़कंप

जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। जेवर विधानसभा क्षेत्र के रबूपुरा कस्बे की नगला पदम सिंह कॉलोनी में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में 70 वर्षीय चंद्रवती के बेटे महेश (35), बहू ललिता (29) और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार परिवार के सदस्य बीती रात रामलीला देखने गए थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे घर लौटते समय उन्होंने पड़ोस की एक दुकान से मैगी खरीदी थी। घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों ने मैगी खाई और फिर सोने चले गए। सुबह परिवार के पांचों सदस्य मृत पाए गए। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग चंद्रवती ने मैगी नहीं खाई थी और वह बिना खाए ही सो गई थीं। इस घटना में उनकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलने पर रबूपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।


एक ही परिवार के पांच लोगों की एक साथ हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, यह कहना जल्दबाजी होगा कि मौत का संबंध मैगी खाने से है या कोई और ही वजह है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।