आज दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पीएम मोदी, अपने संसदीय क्षेत्र में 6,332 करोड़ की देंगे सौगात

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। बंगाल चुनाव प्रचार के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय प्रवास पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आ रहे हैं। पीएम मोदी यहां 6,332 करोड़ रुपये की 163 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके अलावा बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई के लिए दो नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साथ ही बरेका इंटर कॉलेज के मैदान में अनाक्रोश महिला सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। अगले दिन बुधवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने जाएंगे। 


बता दें कि पीएम मोदी के दौरे के चलते यातायात पुलिस ने 28 और 29 अप्रैल की ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। एडीसीपी अंशुमान मिश्र ने बताया कि लोगों की सुविधा और सुगम आवागमन के उद्देश्य से 28 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से रात 11 बजे तक रूट डायवर्जन लागू किया गया है। 29 अप्रैल की सुबह छह बजे से 10 बजे तक यह डायवर्जन लागू रहेगा। इसके अलावा पड़ोसी जनपदों के लिए चलने वाली बसों के रूट में भी परिवर्तन किया गया है।