जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा शहर सोमवार को अचानक से श्रमिकों के आक्रोश का शिकार हो गया या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है। पूरे शहर की स्थिति की पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण और एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) अमिताभ यज्ञ लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय से निगरानी कर रहे हैं। इसमें साजिशकर्ता, उन्माद भड़काने और बाहरी तत्वों की पहचान की जा रही है। ऐसे लोगों से पुलिस आगामी भविष्य में सख्ती से निपटेगी। बता दें कि बीते करीब तीन दिनों से फेस-2 स्थित रिचा ग्लोबल कंपनी के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी मांग थी कि यही कंपनी हरियाणा में श्रमिकों को ज्यादा वेतन दे रही है, जबकि नोएडा में कम दे रही है। इसी वजह से कंपनी के कर्मचारी समान वेतन की मांग कर रहे हैं। बता दें कि हरियाणा सरकार ने श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में 35 प्रतिशत का इजाफा कर दिया है। यह वेतन अप्रैल माह से लागू होगा।

बता दें कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने मजदूरों के न्यूनतम वेतन में 35 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। उनके इस आदेश के साथ ही स्किल्ड श्रमिकों के वेतन में 5036 रुपये मासिक बढ़ा दिए गए हैं। साथ ही अकुशल और अर्ध कुशल श्रमिकों के वेतन में भी इजाफा किया गया है। हरियाणा सरकार की अधिसूचना के अनुसार अब अकुशल श्रमिकों का मासिक वेतन 3,945 रुपये बढ़ाया गया है। अकुशल श्रमिकों का वेतन अब 11275 से बढ़कर 15220 रुपये हो गया है। वहीं अर्ध कुशल श्रमिकों का मासिक वेतन 3945 बढ़ाकर 12430 रुपये से बढ़कर 16780 रुपये हो गया है। कुशल श्रमिकों का मासिक वेतन 4796 रुपये बढ़ा है। अब कुशल श्रमिकों को 13704 रुूपये की जगह 18500 रुपये मिलेंगे। वहीं हाई स्किल्ड श्रमिकों का मासिक वेतन 14389 से बढ़ाकर 19425 रुपये किया गया है।

बता दें कि नोएडा में रिचा ग्लोबल कंपनी के श्रमिक शांति से इस समान वेतन की मांग कर रहे थे। सोमवार को अचानक पूरे शहर की एक्सपोर्ट फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ कैसे हुई और सैकड़ों की संख्या में भीड़ कहां से आ गई इसकी गहनता से जांच की जा रही है। नाम न छापने की शर्त पर एक युवक ने बताया कि नोएडा सेक्टर-58 के बी ब्लॉक में अचानक से करीब 200 मजदूर एक कंपनी में पत्थरबाजी करते हुए अंदर घुस गए। उन्होंने कंपनी के मालिकों से न सिर्फअभद्रता की बल्कि जरबन उनके मजदूरों को काम से रोेका और उन्हें कंपनी से बाहर लेकर आए। ऐसा ही हाल सेक्टर-63 में भी देखने को मिला। यहां भी बड़ी संख्या में श्रमिक सड़कों पर उतरे गए और आने-जाने वाले लोगों की गाड़ियों में भी पथराव की कोशिश की गई। एक महिला अपनी जान बचाने के लिए मासूम बच्चे को गोद में लेकर बाहर आ गई और उग्र मजदूरों को ललकारती नजर आई। महिला की मजदूरों के साथ हो रही झड़प का वीडियो खूब वायरल हो रहा है।






