जन प्रवाद, ब्यूरो। नोएडा। गुरुवार को थाना सूरजपुर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य बदमाशों को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से हथियार, कारतूस व बाइक बरामद की है। 
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल ने बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस गुरुवार को मोजर वियर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी। तभी बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिल पर चार व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। संदिग्ध होने की वजह से पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर दोनों ने बाइक को मोड़ते हुए रेलवे लाइन के किनारे जंगल की तरफ भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उनका पीछा किया तो हड़बड़ाहट में उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। बदमाशों ने जब अपने आप को घिरा देखा तो उन्होंने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
बाइट : डीसीपी सेंट्रल शैव्या गोयल
आत्मरक्षा की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। गोली लगते ही दोनों घायल होकर गिर गए। जबकि, उनके दो साथी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद किए। वहीं, मौके से फरार दोनों अभियुक्तों को भी पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुकेश पुत्र स्व. रामनरेश, आकाश पुत्र सूरजमल निवासी चीती दनकौर, देवेन्द्र शर्मा पुत्र उमेश शर्मा निवासी बिहार एवं सतपाल पुत्र रामलाल निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई है। देवेन्द्र एवं सतपाल की निशानदेही पर पुलिस ने एक फ्रिज, एलईडी टीवी, एक बैटरी व एक इनवर्टर बरामद किया है। पुलिस ने घायल मुकेश व आकाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
बाइट : डीसीपी सेंट्रल शैव्या गोयल






