अवैध हथियारों की करते थे तस्करी, दो अभियुक्त गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

जन प्रवाद, ब्यूरो।  नोएडा। नोएडा थाना फेस-1 पुलिस ने अवैध शस्त्रों की तस्करी करने के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच पिस्टल व छह देशी तमंचा बरामद किए हैं। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया है। ये लोग सस्ते में हथियार खरीदकर महंगे दामों में बेचकर अपना शौक पूरा करते थे। 

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि 9 अप्रैल को थाना फेस-1 पुलिस ने इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी करने के आरोप में अभिषेक पुत्र मूलचंद एवं समीर पुत्र नीरज को गंदे नाले की पुलिया से गिरफ्तार किया है। साथ ही एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा मेें लिया गया है। अभियुक्तों के कब्जे से पांच पिस्टल व छह देशी तमंचा बरामद किए हैं। 

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे अवैध पिस्टल एवं तमंचा रखने का शैक रखते हैं। इन हथियारों को अपने साथियों व आसपास के लोगों को दिखाकर अपना रौब जमाते थे। ये लोग पिस्टल को करीब 40 से 45 हजार रुपये में खरीकर उसे 65 से 75 हजार रुपये में बेचते थे। वहीं अवैध तमंचों को चार से पांच हजार रुपये में खरीदते थे और करीब 10 हजार रुपये में बेच देते थे। हथियारों की बिक्री से उन्हें जो लाभ होता था उससे वे अपने शौक व अन्य आवश्यताओं को पूरा करते थे। वे पिस्टल व तमंचा की चाह रखने वालों को बताते थे कि उन्हें अगर हथियार चाहिए तो वे उनसे इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क करें। इसके बाद उन्हें हथियार उपलब्ध करा दिए जाएंगे। 
बाइट : नोएडा मनीषा सिंह, एडीसीपी नोएडा