मंगलवार को भी उपद्रव का प्रयास, सख्ती से पेश आ रही पुलिस-पीएसी

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। सोमवार को फैक्ट्रियों और वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी के बाद मंगलवार को भी बवाल नहीं थम रहा। दूसरे दिन भी फैक्ट्री कर्मचारियों ने कुछ जगह उत्पात मचाया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की जिससे झड़प हो गई। खबर है कि भीड़ ने कुछ जगहों पर पुलिस की गाड़ियों पर भी पथराव किया। हालांकि, अलर्ट पुलिस और पैरामिलिट्री ने हालात पर काबू पा लिया और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ कर्मचारियों को गिरफ्तार भी किए गए हैं।

बता दें कि पुलिस और अर्द्धसैनिक बल नोएडा के औद्योगिक सेक्टरों में सुबह पांच बजे से ही फ्लैग मार्च कर रहे हैं। इसके अलावा ड्रोन से मॉनिटरिंग की जा रही है। सोमवार को हिंसक प्रदर्शन के बाद मंगलवार को ज्यादातर फैक्ट्रियां बंद हैं। वहीं डीजीपी राजीव कृष्ण ने सख्त निर्देश दिए हैं कि हिंसा और आगजनी में शामिल लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षतिग्रस्त संपत्ति की भरपाई भी उपद्रवियों से कराई जाएगी।


नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का कहना है कि अब तक 300 से अधिक गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। अफवाह फैलाने वाले कुछ  ग्रुपों की भी पहचान की गई है। कुछ लोग ऐसे गिरफ्तार किए गए हैं जो कई जगह पाए गए। संभवता उन्होंने उकसाने की भूमिका निभाई।
वहीं बढ़ती हिंसा को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात फैक्ट्री कर्मचारियों वेतन में वृद्धि कर दी। न्यूनतम मजदूरी दरों में 3000 रुपए तक का इजाफा किया गया है। बढ़ाया गया वेतन एक अप्रैल से लागू हो गया।