बच्ची का हत्यारोपी मुठभेड़ में ढेर, दुष्कर्म के बाद कर दी थी मासूम की हत्या

जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर गला दबाकर की गई हत्या के आरोपी को शनिवार पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ है। डीसीपी सेंट्रल शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के अंतर्गत छह वर्षीय मासूम की हत्या की घटना के आरोपी अभियुक्त बलराज पुत्र खेमचंद निवासी ग्राम तिलपता,थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर वर्तमान निवासी ग्राम हल्द्वानी, थाना इकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर को सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य स्त्रोतों के माध्यम से गिरफ्तार किया गया।

इसके बाद उससे पूछताछ की गयी तो उसने घटना में प्रयुक्त चाकू को डी पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में छिपाना बताया। चाकू की बरामदगी के लिए पुलिस टीम, अभियुक्त के साथ उसके द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची। अभियुक्त बलराज ने गाड़ी से उतरकर कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों से चाकू निकालकर बरामद करा दिया। इसी दौरान अभियुक्त बलराज मौका पाकर अचानक से तेजी के साथ झुककर झाड़ियों में पूर्व से छिपाई गई एक पिस्टल को उठाकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। जिससे थाना ईकोटेक-3 पर नियुक्त हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी कार्यवाही में अभियुक्त बलराज गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल मुख्य आरक्षी रवि कुमार एवं गंभीर रूप से घायल अभियुक्त बलराज को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने अभियुक्त बलराज को मृत घोषित कर दिया। मृत आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल .32 बोर मय 3 खोखा व 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए है। अभियुक्त बलराज के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। मुख्य आरक्षी उपचाराधीन है। अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।