जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। इजराइल में अगला प्रधानमंत्री कौन होगा इस पर दुनियाभर की नजरें टिक गई हैं। अब प्रधानमंत्री का ऐलान राष्ट्रपति इसाक हर्जोग करने वाले हैं। सरकार बनाने के लिए 61 सासंदों का समर्थन चाहिए। गादी आइजनकोट के गठबंधन को 6 पार्टियों के 67 सांसदों ने समर्थन दिया है। यह नेतन्याहू के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
नेतन्याहू के बड़े विरोधी हैंआइजनकोट
इजरायल की राजनीति में गादी आइजनकोट प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बड़े विरोधी बनकर उभरे हैं। अब उनका गठबंधन सरकार बनाते दिख रहा है। बता दें कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के पास मात्र 46 सांसदों का समर्थन है। ऐसे में राष्ट्रपति उन्हें सरकार बनाने का पहला मौका नहीं देंगे। वहीं गादी आइजनकोट के गठबंधन को 6 पार्टियों के 67 सांसदों ने समर्थन दिया है। इनमें चार यहूदी पार्टियां और दो अरब पार्टियां शामिल हैं। चार यहूदी पार्टियों के पास कुल 48 सीटें हैं, जबकि दो अरब पार्टियों के पास 19 सीटें हैं। अरब पार्टियों का कहना है कि वे नेतन्याहू को सत्ता से हटाने के लिए आइजनकोट का समर्थन कर रही हैं। वहीं राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अगर यह सरकार बन भी गई तो ज्यादा दिन नहीं चल पाएगी। ऐसा इसलिए है क्योंकि आइजनकोट का समर्थन करने वाली छह पार्टियों में से तीन यहूदी पार्टियां अरब पार्टियों की विरोधी हैं। वहीं आइजनकोट ने भी चुनाव से पहले अरब पार्टियों को सरकार में शामिल करने से इनकार किया था। यानी राष्ट्रपति के सामने आइजनकोट के पक्ष में 67 सांसदों की सिफारिशें हैं, लेकिन यह संख्या अपने आप में गठबंधन सरकार बनने की गारंटी नहीं है।
इजरायल में नहीं बनी पूर्ण बहुमत की सरकार
इजरायल के लोकतांत्रिक इतिहास को देखें तो पता चलता है कि यहां अब तक किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है। यही वजह है कि यहां हमेशा गठबंधन की सरकारें बनती रही हैं। अब सवाल उठता है कि क्या आइजनकोट के प्रधानमंत्री बनने से इस यहूदी देश की प्राथमिकताएं बदल जाएंगी। आइजनकोट की बात करें तो वे इजरायली सेना के पूर्व प्रमुख रह चुके हैं। साथ ही नेतन्याहू सरकार में मंत्री भी थे। जून 2024 में सरकार से अलग हो गए। गाजा युद्ध, हमास, ईरान और फिलिस्तीन को लेकर उनका रुख काफी सख्त है। आइजनकोट हमास को इजरायल की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा मानते हैं। उनका कहना है कि हमास के सैन्य ढांचे को खत्म करना जरूरी है। सितंबर 2026 में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने साफ कहा था कि जो राजनीतिक दल हमास को आतंकी संगठन नहीं मानता और उसे खत्म करने की बात स्वीकार नहीं करता, वह उनकी सरकार में शामिल नहीं हो सकता। आइजनकोट भी ईरान को इजरायल के सामने सबसे बड़ी बाहरी सुरक्षा चुनौती मानते हैं। उनकी चिंता खास तौर पर ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर है। वे नहीं चाहते कि ईरान परमाणु हथियार बनाने की स्थिति में पहुंचे। आइजनकोट फिलिस्तीन के लिए अलग देश बनाने यानी दो-राष्ट्र समाधान के विरोधी हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि उन्होंने कभी दो देशों के समाधान का समर्थन नहीं किया। वे वेस्ट बैंक, पूर्वी यरुशलम और गाजा में फिलिस्तीनी देश बनाने के विचार के खिलाफ हैं। वे वेस्ट बैंक में यहूदी बस्तियों के विस्तार के भी समर्थक हैं। उन्होंने कहा था कि वह यहूदी बस्तियों के विचार में विश्वास रखते हैं। सितंबर 2026 में उन्होंने यह भी कहा कि इन बस्तियों को इजरायल के सुरक्षा हितों और कानून के दायरे में होना चाहिए। आइजनकोट का नाम इजरायली सेना की दहिया डॉक्ट्रिन से भी जुड़ा है। यह सैन्य नीति 2006 में लेबनान के बेरूत स्थित दहिया इलाके में हुई तबाही के बाद चर्चा में आई थी। उस समय आइजनकोट इजरायली सेना की उत्तरी कमान के प्रमुख थे। 2008 में उन्होंने कहा था कि भविष्य में लेबनान के जिन गांवों से इजरायल पर हमला होगा। वहां भारी सैन्य ताकत का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने बड़े पैमाने पर नुकसान और तबाही की बात भी कही थी।





