मुजफ्फरपुर, एजेंसी। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक छात्रा के साथ कथित तौर पर छेड़खानी करने और उसके पुरुष मित्र की पिटाई करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह घटना जिले के बोचहां थाना क्षेत्र के काशीरामपुर तटबंध पर हुई। घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला प्रकाश में आया। मुजफ्फरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अलय वत्स ने बताया, ‘‘बृहस्पतिवार को एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कुछ युवक एक लड़की के साथ दुर्व्यवहार करते और उसके साथ मौजूद लड़के की पिटाई करते दिखाई दे रहे थे।
सत्यापन के दौरान पता चला कि यह घटना काशीरामपुर तटबंध पर हुई थी।'' उन्होंने बताया कि शुक्रवार को तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में बोचहां थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुराग कुमार, उज्ज्वल कुमार और विशाल कुमार के रूप में हुई है, तीनों बोचहां थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं । सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में छात्रा युवकों से बार-बार उन्हें जाने देने की गुहार लगाती सुनाई दे रही है। वह युवकों को बताती है कि वह अपने पुरुष मित्र के साथ शादी करने जा रही है। वीडियो में वह अपनी बहन से संपर्क करने की कोशिश करती और अपनी मां से बात कराने की पेशकश भी करती दिखाई देती है। हालांकि, एक युवक उस पर अपने पिता से बात करने का दबाव बनाता सुनाई देता है। वीडियो में कथित तौर पर तीन से चार युवक छात्रा को परेशान करते, जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करते और बीच-बचाव करने पर उसके पुरुष मित्र की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों में से एक युवक पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन से बना रहा था।





