जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद राजनीतिक हिंसा बढ़ गई है। राजधानी ढाका समेत कई जिलों में देसी बम फटने और आगजनी की खबरें आई हैं। अवामी लीग के बुलाए लॉकडाउन से पहले और बाद में विरोध प्रदर्शन और हिंसा के कारण कई लोग मारे गए हैं। वहीं दंगाइयों ने मोहम्मद यूनुस के घर को आग के हवाले कर दिया।
शेख हसीना की संभावित वापसी
बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर हलचल तेज हो गई है। देश के विजय दिवस यानी 16 दिसंबर को अपने देश वापस लौट सकती हैं। बता दें कि 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति बाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। जिसके बाद बांग्लादेश के स्वतंत्र राष्ट्र बनने का रास्ता साफ हुआ। अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद भारत में रह रहीं शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की कोशिश कर सकती हैं। हालांकि, उनकी वापसी को लेकर अभी कोई आधिकारिक कार्यक्रम सामने नहीं आया है। दूसरी ओर उनकी इस संभावित वापसी के पहले बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा और तनाव की स्थिति बन गई है। देश के कई इलाकों से आगजनी, हमले और बम धमाकों की खबरें सामने आ रही हैं। इस दौरान नोबेल पुरस्कार विजेता और अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के आवास को भी निशाना बनाए जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि उनके घर में आग लगा दी गई। वहीं, अलग-अलग स्थानों पर हुए धमाकों से लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने बांग्लादेश की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देसी बमों के हुए धमाके
राजधानी ढाका में तड़के देसी बमों के धमाके हुए। बता दें कि यह अशांति पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व वाली प्रतिबंधित अवामी लीग द्वारा बुलाए गए लॉकडाउन के बाद हुई। पुलिस और चश्मदीदों ने बताया कि देश भर में हुए हमलों मे कई लोग घायल हुए हैं। वहीं पिछले दो दिनों की बात करें तो देश के अलग-अलग हिस्सों- सिलहट, राजशाही, बारीसाल और फरीदपुर में यूनुस के ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में भी आगजनी की गई है। अखबारों की रिपोर्ट के अनुसार प्रधानमंत्री तारिक रहमान की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रातभर में ढाका स्थित अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला किया और आग लगा दी। रिपोर्ट के अनुसार देश के 64 प्रशासनिक जिलों में से 28 जिलों में हिंसा देखी गई। इस दौरान कई गाड़ियों को फूंक दिया गया। पश्चिमी नराइल जिले में भी बीएनपी के मार्च पर अवामी लीग कार्यकर्ताओं के हमले में सत्तारूढ़ दल के दो स्थानीय नेता मारे गए। फरीदपुर और पिरोजपुर में एक बीएनपी नेता और एक परिवहन कर्मी की मौत हुई है।
कड़े कदम उठाने का ऐलान
हिसां को देखते हुए प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कड़े कदम उठाने का ऐलान किया। उन्होंने अवामी लीग को आतंकवादी संगठन और पराजित फासीवादी ताकत बताते हुए लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की। हालात को काबू करने के लिए हसीना के जन्मस्थान गोपालगंज सहित संवेदनशील जिलों में अर्धसैनिक बल यानी बॉर्डर गार्ड और अन्य हजारों जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस ने 24 घंटे के अभियान में अकेले ढाका से 565 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें हसीना कैबिनेट के पूर्व शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने आॅडियो और वीडियो सबूतों के आधार पर उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। बता दें कि 2024 में हसीना सरकार गिरने के बाद यूनुस के कार्यकाल में अवामी लीग पर बैन लगा दिया गया था। संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के धानमंडी स्थित आवास और 1971 मुक्ति संग्राम के स्मारकों को तबाह कर दिया गया था। अब वही हिंसा एक नए रूप में पूरे देश को झुलसा रही है।





