मंगल पर 29 रहस्यमय ग्लेशियरों की खोज, अब इंसानी बस्ती बसाने का रास्ता होगा साफ

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। मंगल ग्रह पर वैज्ञानिकों ने 29 रहस्यमय ग्लेशियरों की खोज की है। अल्बा मॉन्स ज्वालामुखी के पास 738 क्रेटर्स की जांच में यह बात सामने आई है। अर्थ एंड प्लैनेटरी साइंस लेटर्स जर्नल में छपी स्टडी के अनुसार इन ग्लेशियरों में 209 मीटर ऊंची खड़ी चट्टानें हैं। इनका फैलाव 3 किलोमीटर तक है। यह जगह भविष्य में एस्ट्रोनॉट्स के लिए पानी का स्रोत बन सकती है।
निजी कंपनियों का शोध 

मंगल ग्रह पर इंसानी बस्ती बसाने का विचार अब केवल विज्ञान कथाओं तक सीमित नहीं है। अब यह अंतरिक्ष एजेंसियों और निजी कंपनियों के शोध का एक प्रमुख विषय बन चुका है। इसका मुख्य उद्देश्य मानवता को बहु-ग्रहीय बनाना और पृथ्वी से परे एक स्थायी ठिकाना तैयार करना है। इस काम में दुनिया भर के स्पेश एजेंसियां काम कर रही हैं। मंगल की मिट्टी, स्थानीय निर्माण सामग्री और जीवन-सहायक प्रणालियों पर लगातार अध्ययन हो रहा है। नासा और अन्य अंतरिक्ष एजेंसियों के रोवर्स व मिशनों ने मंगल की सतह की समझ को बढ़ाया है। यहां मानव बस्ती बसान के लिए सबसे बड़ी चुनौती पानी, भोजन, ऊर्जा और रहने के ढांचे को स्थानीय संसाधनों से जुटाना है। इसके अलावा इस मिशन की भारी लागत को संभालना सबसे कठिन पहलू है। अब वैज्ञानिकों ने इन सभी समस्याओं का हल ढूढ़ लिया है। 
29 ग्लेशियरों की खोज का दावा 

मंगल ग्रह पर साइंटिस्ट्स ने 29 रहस्यमय ग्लेशियरों की खोज का दावा किया है। अंतरराष्ट्रीय शोधकर्ताओं की टीम ने धरती से करीब 22.5 करोड़ किलोमीटर दूर स्थित मंगल ग्रह की सतह पर खड़ी चट्टानों वाली 29 अजीब संरचनाओं की पहचान की है। बता दें कि इस टीम में नासा, यूरोपिय एजेंसी और अन्य देशों की वैज्ञानिकों की टीम शामिल है। माना जा रहा है कि इन चट्टानों के नीचे प्राचीन बर्फ के विशाल ग्लेशियर छिपे हुए हैं। यह खोज मंगल के उत्तरी गोलार्ध में स्थित अल्बा मॉन्स ज्वालामुखी के आसपास की गई है। अर्थ एंड प्लैनेटरी साइंस लेटर्स जर्नल में छपी स्टडी में वैज्ञानिकों का शोध प्रकाशित हुआ है। जिसमें दावा किया गया है कि टीम ने कुल 738 क्रेटर्स की जांच की थी। इनमें से 29 जगहों पर 3 किलोमीटर तक फैले और 209 मीटर ऊंचे ग्लेशियर मिले हैं। यह बर्फ भविष्य में मंगल पर जाने वाले लोगों के लिए पानी का स्रोत बन सकती है। 
स्पेश एजेंसियों के लिए बड़ी खोज 

यह शोध स्पेश एजेंसियों के लिए बड़ी खोज माना जा रहा है। पड़ताल में सामने आया कि धूल, पत्थरों और मलबे के नीचे बर्फ के 29 बड़े भंडार दबे हुए हैं। मलबे की यह मोटी परत अंदर मौजूद बर्फ को मंगल के कठोर वायुमंडल से बचाने का काम करती है। इन ग्लेशियरों की ढलान कुछ जगहों पर 3 किलोमीटर यानी करीब 1.9 मील तक फैली हुई है। इसका निचला सिरा 209 मीटर या 686 फीट ऊंची खड़ी चट्टानों के रूप में विद्यमान है। बता दें कि मंगल ग्रह का पानी और बर्फ के साथ हमेशा से जटिल रिश्ता रहा है। मंगल का वायुमंडल इतना पतला और ठंडा है कि वहां तरल पानी का टिकना नामुमकिन है। इसके बावजूद ग्रह के ध्रुवीय इलाकों में सतह पर काफी बर्फ मौजूद होना किसी आश्चर्य से कम नहीं है। शोध के अनुसार ग्रह की ऊपरी परत के नीचे भी भारी मात्रा में बर्फ दबे होने का अनुमान जताया गया है।
बर्फ की तलाश पूरी

रिपोर्ट में बताया गया है कि शोधकर्ताओं ने बर्फकी तलाश के लिए नासा के मार्स रिकॉनिसेंस आर्बिटर और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के एक्सोमार्स ट्रेस गैस आर्बिटर की तस्वीरों का इस्तेमाल किया। टीम ने अल्बा मॉन्स इलाके के कुल 738 क्रेटर्स को खंगाला। सैटेलाइट तस्वीरों के जोड़ों की मदद से इन गड्ढों के सटीक 3डी मैप बनाए गए। बाद में कंप्यूटर मॉडलिंग के जरिए समझा गया कि ये ग्लेशियर कैसे बने होंगे।  यह खोज मंगल ग्रह के पुराने जलवायु इतिहास को समझने की एक महत्वपूर्ण कड़ी बन सकती है। अब वैज्ञानिक इस इलाके की और साफ तस्वीरें जुटाने की तैयारी कर रहे हैं। टीम मंगल के दूसरे हिस्सों में भी ऐसे ही ग्लेशियरों की तलाश करेगी। बता दें कि इससे पहले अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के वैज्ञानिकों ने मंगल ग्रह पर पानी का स्रोत खोजने का दावा किया था। नासा ने जमीन के अंदर तीन झीलें मिलने की बात कही थी। नासा से पहले यूरोपियन स्पेस एजेंसी के स्पेसक्राफ्ट मार्स एक्सप्रेस ने नमकीन पानी की झील की खोज की थी।