डेढ़ करोड़ कीमत का गांजा पकड़ा, ट्रक सहित दो अभियुक्त गिरफ्तार

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। यूपी का ताज कहा जाने वाला नोएडा शहर मादक पदार्थ तस्करों  की नजरों में है। पुलिस यहां लगातार बड़ी से बड़ी खेप पकड़ रही है बावजूद इसके तस्कर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी क्रम में थाना बादलपुर पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डेढ़ करोड़ रुपये कीमत का गांजा बरामद किया है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि एसीपी के नेतृत्व में 
थाना बादलपुर पुलिस व एएनटीएफ टीम ने गांजा की तस्करी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 177 किलो 790 ग्राम अवैध मादक पदार्थ यानी गांजा बरामद किया है। पुलिस ने  तस्करी में प्रयुक्त एक ट्रक बिना बॉडी बरामद किया गया। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 1.5 करोड रुपये है। 

डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि 18 नवंबर को थाना बादलपुर पुलिस व एएनटीएफ टीम लोकल इंटेलिजेंस व मैनुअल इंटेलिजेंस की सहायता से गांजे की तस्करी करने वाले अभियुक्त इरफान पुत्र बसीर एवं आसिफ पुत्र सगीर को अम्बेडकर पार्क के सामने से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों के कब्जे से कुल 177 किलो 790 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा व एक ट्रक बिना बाडी रजिस्ट्रेशन के बरामद हुआ है। बरामद माल की अनुमानित कीमत लगभग 1.5 करोड रुपये है।

डीसीपी ने बताया कि अभियुक्त इरफान व आसिफ मूल रूप से हरियाणा का रहने वाले है। इरफान गाड़ी मालिक है व ड्राइविंग का काम करता है और आसिफ ट्रक में हेल्पर का काम करता है। उन्होंने पुलिस को बताया कि अवैध गांजा उडीसा राज्य से गुड़गांव ले जा रहे थे। अभियुक्तों ने गांजा को ट्रक में नीचे टूल बॉक्स के पास एक कैविटी बनाकर उसमें छिपा रखा था। उक्त गांजे को ईस्टरन पेरीफल पर डिलीवर करना था। उपरोक्त अभियुक्तगण पूर्व में भी असम राज्य से एनडीपीएस मुकदमे में जेल जा चुके हैं, जिसके संबंध मे जानकारी की जा रही है।