पंजाब में रेलवे ट्रैक पर धमाका, एक शव मिला रेलवे ट्रैक को भी हुआ हल्का नुकसान

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नई दिल्ली। पंजाब के पटियाला शहर में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां शंभू-अंबाला रेल ट्रैक के पास जोरदार धमाका हुआ। धमाके में रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा, वहीं पास से ही एक व्यक्ति का शव भी बरामद हुआ है। बता दें कि सोमवार रात करीब 10 बजे मालगाड़ियों के लिए आरक्षित रेलवे ट्रैक के पास बड़ा धमाका हुआ। जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारीगण पहुंच गए। साथ ही जीआपी और आरपीएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं ।

पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरुण शर्मा के अनुसार धमाके की वजह से रेल ट्रैक को कुछ नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि हल्का ब्लास्ट था। मामले की सही से जांच की जा रही है। धमाके के पास से एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी बरामद हुआ है। अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि उस व्यक्ति की मौत धमाके की वजह से हुई है या फिर इसके पीछे कोई और कारण है। एसएसपी के अनुसार शव और धमाके के बीच संबंध की भी जांच की जा रही है। मौके पर फोरेंसिक की टीम घटनास्थल के सैंपल एकत्रित कर रही है।