क्रय केंद्र नहीं हटाए जाने की मांग, किसानों ने डीएम को सौंपा पत्र

जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा, (कपिल चावला) अमरोहा के नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गांव अल्हेदादपुर कलां के किसानों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गांव में संचालित चांगीपुर चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र को पूर्व की भांति यथास्थिति बनाए रखने की मांग की है। किसानों का कहना है कि यह क्रय केंद्र पिछले कई वर्षों से चांगीपुर चीनी मिल के अंतर्गत संचालित हो रहा है, जिससे क्षेत्र के किसानों को गन्ने की फसल की आपूर्ति में सुविधा मिलती है।

किसानों का आरोप है कि मलेशिया शुगर मिल के कर्मचारियों की ओर से क्रय केंद्र को लेकर एक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया है। किसानों के मुताबिक, इस प्रार्थना पत्र में गांव के चार लोगों के कथित फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं और प्रधान की मोहर भी लगाई गई है। किसानों ने अपने प्रार्थना पत्र के साथ संबंधित चारों व्यक्तियों के शपथ पत्रों की प्रतियां भी जिलाधिकारी को सौंपी हैं। किसानों ने मामले की जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट कराने की मांग की है। 

किसानों का कहना है कि अल्हेदादपुर कलां का क्रय केंद्र पूर्व की तरह चांगीपुर शुगर मिल में ही संचालित रखा जाए, ताकि गन्ना आपूर्ति में उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। इस मामले में किसानों ने जिलाधिकारी से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।