नयी दिल्ली, एजेंसी। दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में हुए विरोध प्रदर्शनों को लेकर कथित तौर पर झूठी बातें और अफवाहें फैलाने वाले सोशल मीडिया खातों के खिलाफ चार प्राथमिकी दर्ज की हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पाकिस्तान से संचालित कई सोशल मीडिया खाते भी जांच के दायरे में हैं। उन्होंने कहा कि भ्रामक जानकारी फैलाने, ‘‘भारत विरोधी विमर्श’’ तैयार करने की कोशिश करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में सोशल मीडिया खातों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस के एक सूत्र के मुताबिक, पाकिस्तान से संचालित कई सोशल मीडिया खातों पर विरोध प्रदर्शनों के संबंध में पोस्ट और दावों के जरिए भारत विरोधी विमर्श फैलाने का आरोप है। इन पोस्ट और दावों से अशांति पैदा हो सकती थी। अधिकारियों ने बताया कि 10 अक्टूबर को ऐसे कई खातों ने कथित तौर पर झूठे दावे प्रसारित किए कि दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान कई लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि कथित तौर पर गलत जानकारी फैलाने के अभियान के खिलाफ कार्रवाई के तहत पुलिस ने पाकिस्तान से संचालित कई सोशल मीडिया खाते निष्क्रिय भी कराए हैं।





