कांग्रेस सांसद अकोइजम के निलंबन की मांग को लेकर राष्ट्रपति मुर्मू से मिलीं भाजपा की महिला सांसद

नयी दिल्ली, एजेंसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला सांसदों ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को लोकसभा से निलंबित करने के लिए उनसे हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया। बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति मुर्मू से जेएनयू में कथित यौन उत्पीड़न की पीड़िताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सांसद डी. पुरंदेश्वरी ने किया जिसमें भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष चौधरी, दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज और अन्य महिला सांसद एवं नेता भी शामिल रहीं। यह कदम भाजपा महिला मोर्चा द्वारा दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर किए गए प्रदर्शनों के एक दिन बाद उठाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की थी कि कांग्रेस पार्टी इनर मणिपुर से सांसद अकोइजम को पार्टी से निष्कासित करे।

 दिल्ली में सोमवार को हुए प्रदर्शन में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ भाजपा की कई महिला सांसद व कार्यकर्ता शामिल हुई थीं। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय ने यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच में दोषी पाए जाने के बाद पिछले सप्ताह अकोइजम को सेवा से बर्खास्त कर दिया था। वह जेएनयू के ‘स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज’ के अंतर्गत ‘सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम’ में प्रोफेसर थे। खबरों के मुताबिक, इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराईं थीं। शिकायतों में आरोप लगाया गया कि अकोइजम ने मुलाकात के बहाने छात्राओं को विश्वविद्यालय परिसर स्थित अपने घर बुलाया और उनका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि वह कक्षा में अश्लील और अनुचित बातें करते थे।