रामलीला मंचन मं उमड़ी भीड़, श्रीराम के वनवास मंचन से श्रद्धालु हुए भावविभोर

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। नोएडा स्टेडियम में चल रही रामलीला के पांचवें दिन नोएडा स्टेडियम में भगवान श्रीराम के वनवासी जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण, भव्य एवं प्रभावशाली मंचन किया गया। प्रसिद्ध निर्देशक पंकज शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने अपने उत्कृष्ट अभिनय, सशक्त संवादों और भावनात्मक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मंत्री जसवंत सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। 


रामलीला की शुरुआत भगवान श्रीराम के वनवास प्रसंग से हुई। श्रीराम के वन गमन से आहत अयोध्यावासियों का विलाप और उनके प्रति अटूट प्रेम का दृश्य अत्यंत मार्मिक रहा। इसके पश्चात श्रीराम और निषादराज की मैत्रीपूर्ण भेंट ने मित्रता, समर्पण और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। केवट द्वारा भगवान श्रीराम के चरण पखारने और उन्हें गंगा पार कराने की लीला ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।


इसके बाद कैकेयी का पश्चाताप, राजा दशरथ के निधन पर अयोध्या में  शोक, भरत-कैकेयी संवाद और भरत मिलाप जैसे प्रसंगों का हृदयस्पर्श मंचन किया गया। विशेष रूप से राजा दशरथ के निधन के समय का विलाप और भरत मिलाप के दृश्य दर्शकों के लिए अत्यंत भावुक क्षण रहे।
रामलीला के अगले प्रसंगों में रावण द्वारा सूर्पणखा के पति विद्युतजीवा की हत्या, सूर्पणखा की निकुंभला देवी के चरणों में प्रार्थना, षड्यंत्र के अंतर्गत श्रीराम के पास जाना, लक्ष्मण द्वारा सूर्पणखा का अंग-भंग, खर-दूषण का श्रीराम से युद्ध और उनका वध जैसे दृश्यों ने मंचन को रोमांचक बना दिया। रावण के महल की भव्य झांकी, साधु वेश में रावण का आगमन, सीता हरण, जटायु की वीरगति, शबरी प्रसंग तथा हनुमान प्रकटोत्सव का भी प्रभावशाली मंचन किया गया। रामलीला में गायक मनुज उप्रेती, गायिका, सांत्चना, साधना सिंह उपस्थित रहे। क्लाउड द फायर टीम द्वारा प्रस्तुत विभिन्न आकर्षक झांकियों ने आयोजन में विशेष रंग भर दिया।

कलाकारों के भावपूर्ण अभिनय, प्रभावशाली संवादों, भव्य मंच सज्जा और उत्कृष्ट दृश्य संयोजन ने रामलीला को यादगार बना दिया। प्रत्येक प्रसंग में भक्ति, मयार्दा, त्याग, मित्रता और धर्म की विजय का संदेश प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया। सभी कलाकारों ने अपनी भूमिकाओं को पूरी निष्ठा, समर्पण और ऊर्जा के साथ निभाते हुए दर्शकों के बीच रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। श्री सनातन धर्म रामलीला समिति नोएडा द्वारा आयोजित यह रामलीला भारतीय स्सनातन परंपरा और धार्मिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी हुई है। समिति का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादाओं, सत्य, त्याग और धर्म के संदेश को समाज तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। इस अवसर पर सनातन धर्म रामलीला समिति के समस्त पदाधिकारीगण मौजूद रहे।