बच्चों को सड़क किनारे लगाई ड्रिप, वीडियो वायरल क्लीनिक किया सील

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
अमरोहा, (कपिल चावला)
अमरोहा के मंडी धनौरा में स्वास्थ्य विभाग ने झोलाछापों और नियम विरुद्ध संचालित स्वास्थ्य केंद्रों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शेरपुर चुंगी स्थित शुभ क्लीनिक पर छापेमारी के दौरान आठ मरीज भर्ती मिले। क्लीनिक संचालक वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक को सील कर दिया। वहीं ढयोटी मोड़ स्थित मेडी नर्सिंग होम की ओटी समेत तीन अन्य नर्सिंग होम पर भी कार्रवाई की गई है।

दरअसल, मंडी धनौरा के शेरपुर चुंगी स्थित शुभ क्लीनिक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में क्लीनिक के बाहर दो छोटे बच्चों को फोल्डिंग पलंग पर बैठाकर ड्रिप लगाए जाने का दावा किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और मुख्य चिकित्साधिकारी रमाकांत सागर के नेतृत्व में टीम ने शुभ क्लीनिक पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान क्लीनिक में आठ मरीज भर्ती मिले। मरीजों की स्थिति को देखते हुए उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से बेहतर इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया।

वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक संचालक से इलाज से संबंधित पंजीयन और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन संचालक कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने शुभ क्लीनिक को मौके पर ही सील कर दिया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ढयोटी मोड़ स्थित मेडी नर्सिंग होम पर भी छापेमारी की। यहां ओटी संचालित मिली। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने ओटी को सील कर दिया।

स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। टीम ने तीन अन्य नर्सिंग होम को भी सीज किया। कार्रवाई की खबर मिलते ही क्षेत्र में नियम विरुद्ध स्वास्थ्य केंद्र संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया। मुख्य चिकित्साधिकारी रमाकांत सागर ने साफ कहा कि झोलाछाप डॉक्टरों और नियम विरुद्ध संचालित स्वास्थ्य केंद्रों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।