जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत समीक्षा बैठक की गई। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने योजना की प्रगति की समीक्षा की। उनहोंने संबंधित अधिकारियों एवं बैंकर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण आवेदनों को अनावश्यक रूप से निरस्त न किया जाए। साथ ही बैंकों में लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करते हुए ऋण वितरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने एनपीसीएल एवं यूपीपीसीएल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों के सोलर प्लांट की स्थापना के उपरांत नेट मीटरिंग का कार्य निर्धारित समय सीमा में शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए, जिससे योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों को समय से प्राप्त हो सके।
इसके अलावा पंजीकृत वेंडरों को निर्देशित किया गया कि लाभार्थियों के यहां सोलर प्लांट की स्थापना का कार्य तेजी से पूर्ण कराते हुए संबंधित विवरण पीएम सूर्यघर योजना के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करें।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, बैंकर्स एवं पंजीकृत वेंडरों से आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में योजना की प्रगति को गति देने तथा लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में परियोजना अधिकारी, यूपीनेडा, नोडल अधिकारी (पीएमएसजीवाई), एनपीसीएल, यूपीपीसीएल, लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम), विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि एवं पंजीकृत वेंडर शामिल रहे।





