10 अरब की जमीन कब्जा मुक्त, अवैध अतिक्रमण पर चले बुल्डोजर

जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। 
यमुना प्राधिकरण ने अवैध कब्जा धारकों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। यमुना प्राधिकरण ने अवैध अतिक्रमण पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार किया है। सीएम योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘हेरिटेज सिटी’ की जमीन पर बुधवार को प्राधिकरण का बुल्डोजर चला। नोएडा और मथुरा के बीच एक झटके में अवैध जमींदोज कर दिए गए। 


मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘हेरिटेज सिटी’ के कोर एरिया में भू-माफिया अवैध रूप से होटल, ढाबे और कॉलोनियां विकसित कर रहे थे। यमुना नदी के किनारे करीब दो हेक्टेयर में बन रही अवैध कॉलोनी के साथ ही अरवा व पिपरौली खादर में विकसित की जा रही दो बड़ी अवैध कॉलोनियों को प्राधिकरण के बुल्डोजरों ने ध्वस्त कर दिया। 


प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में करीब 25 हेक्टेयर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया है। कार्रवाई इतनी बड़ी थी कि 11 थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी के जवानों को मोर्चा संभालना पड़ा। भारी फोर्स की मौजूदगी में शाम 6 बजे तक चला यह अभियान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा हुआ और भू-माफियाओं के अवैध मंसूबों को ढहा दिया गया। अधिकारियों की मानें तो इस जमीन की बाजार कीमत करीब 1000 करोड़ यानी 10 अरब रुपये से भी ज्यादा है। प्राधिकरण द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से भू-माफियाओं में दहशत का माहौल है।