बिहार के नए सीएम का ऐलान जल्द, नीतीश देने जा रहे हैं इस्तीफा, शिवराज पहुंचे पटना

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
पटना। बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के ऐलान के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंच चुके हैं। फिलहाल, प्रदेश भाजपा कार्यालय का गेट आम कार्यकर्ताओं के लिए बंद कर दिया गया है। सिर्फ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों को ही अंदर जाने दिया जा रहा है। शाम तीन बजे यहीं से विधायक दल की बैठक में शिवराज सिंह चौहान नए सीएम के नाम का ऐलान करेंगे। अभी तक जो दिखाई दे रहा है उससे लगता है कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को सीएम के पद पर प्रमोशन मिलेगा। हालांकि, भाजपा का अभी तक का रिकॉर्ड रहा है कि जो सुर्खियों में रहता है उससे कहीं हटाकर नया नाम घोषित किया जाता है। 


बता दें कि जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी अंतिम कैबिनेट की बैठक कर ली है। इसके बाद वे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। सीएम के नाम के ऐलान के बाद शाम चार बजे एनडीए की बैठक में गठबंधन में पांच दलों के विधायक नाम का अनुमोदन करेंगे। इसके बाद कल यानी बुधवार को सुबह 11 बजे लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। यहां सीएम, डिप्टी सीएम के साथ ही गठबंधन के सभी दलों के मंत्री भी शपथ लेंगे।