एक जनपद एक उत्पाद के लिए आवेदन, 10 दिवसीय प्रशिक्षण एवं टूलकिट का वितरण

जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। उपायुक्त उद्योग गौतमबुद्ध नगर पंकज निर्वाण ने बताया कि एक जनपद एक उत्पाद कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद में अकुशल हस्तशिल्पियों एवं कारीगरों को 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण एवं टूलकिट वितरण किया जाएगा। इसके अन्तर्गत गौतमबुद्धनगर जिले के एक जनपद एक उत्पाद के अन्तर्गत चिन्हित उत्पाद ‘‘रेडीमेड गारमेन्ट्स’’ के आजीविका के साधनों को सुदृढ़ीकरण करते हुए उनके जीवन स्तर को उन्नत किया जाएगा।
एक जनपद एक उत्पाद प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना का आवेदन आॅनलाइन वेबसाइट (diupmsme.upsdc.gov.in/msme.up.gov.in) पर 27 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्ष के बाद आधुनिकतम तकनीकी पर आधारित उन्नत किस्म के टूलकिट का नि:शुल्क वितरण प्रशिक्षार्थियों को किया जाएगा।


योजना के अन्तर्गत पात्रता की शर्तों के संबंध में बताया गया है कि आवेदन करने की तिथि को प्रशिक्षार्थी की आयु कम से कम 18 वर्ष की होनी चाहिए। प्रशिक्षार्थी उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए। शैक्षिक योग्यता की कोई बाध्यता नहीं होगी। आवेदक द्वारा भारत अथवा प्रदेश सरकार की अन्य किसी योजनान्तर्गत उत्पाद से सम्बन्धित टूलकिट का लाभ विगत दो वर्षों में प्राप्त नहीं किया हो। आवेदक अथवा उसके परिवार के किसी सदस्य को योजनान्तर्गत केवल एक बार ही लाभान्वित किया जाएगा। जिसमें परिवार का आशय पति एवं पत्नी से है। आवेदक द्वारा पात्रता की शर्तों को पूर्ण किये जाने के सम्बन्ध में घोषणा पत्र प्रस्तुत किया जाएगा।
उक्त योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए आवेदक कार्यालय जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र, गौतमबुद्धनगर में किसी भी कार्य दिवस में सम्पर्क स्थापित कर सकते हैं। आवश्यक जानकारी के लिए वत्स कृष्णा, सहायक आयुक्त उद्योग, मो० नं० 9899811994 अथवा  रविन्द्र कुमार, मो० नं० 9456671832 से सम्पर्क कर सकते हैं।