जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। ईरान से भारत आने वाले विमान पर अमेरिका द्वारा अटैक करने की खबरें आ रही हैं। इस हमले के बाद ईरान ने नाराजगी जाहिर की और इस घटना को वॉर क्राइम करार दिया है। साथ ही अमेरिका पर अंतर्राष्ट्रीय कानूनों के उल्लंघन का भी आरोप लगाया है। बताया जा रह है कि ईरान के मशहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला किया गया। महान एयर का यह विमान राहत सामग्री लेकर भारत के लिए उड़ान भरने वाला था।

इस हमले के बाद ईरान पूरी तरह से भड़क गया है। भारत में ईरानी दूतावास ने इस हमले की निंदा की है। दूतावास ने लिखा कि मानवीय मिशनों में लगे नागरिक विमानों को निशाना बनाना अंतर्राष्ट्रीय विमानन नियमों का घोर उल्लंघन है। यह मानवीय कानून के सिद्धांतों के खिलाफ है। बताया जा रहा है कि यह विमान कई देशों से राहत सामग्री लेकर ईरान पहुंचा था।

दूतावास ने संगठन के हवाले से लिखा कि शिकागो कन्वेंशन 1944 और मॉन्ट्रियल कन्वेंशन 1971 के अनुसार नागरिक विमानों की सुरक्षा के खिलाफ किसी भी कार्य को विमानन के क्षेत्र में एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक अपराध माना जाता है। संगठन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मामले को उठाया जाएगा और कार्रवाई की मांग की जाएगी। इसके अलावा यह भी कहा गया है कि ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं।

बता दें कि अमेरिकी हवाई हमले के दौरान महान एयर का विमान क्षतिग्रस्त हो गया। खबरों के मुताबिक यह विमान दवाओं सहित मानवीय आपूर्ति के लिए नई दिल्ली पहुंचने के लिए उड़ान भरने वाला था। यह विमान दिल्ली आकर सहायता सामग्री लेकर जाता, लेकिन इससे पहले ही अमेरिका ने उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।





