वृंदावन नाव हादसे में पीएम और राष्ट्रपति ने जताया शोक

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। यूपी के मथुरा में शुक्रवार शाम तीर्थयात्रियों की नाव पलटने के मामले में शनिवार को भी लापता लोगों की तलाश जारी है। इस हादसे में अब तक छह महिलाओं सहित 10 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। जबकि, पांच लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार तलाशी अभियान में जुटी हुई हैं। तीर्थयात्री पंजाब के लुधियाना से आए हुए थे। इस हादसे पर पीएम नरेन्द्र मोदी ने जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति शोक व्यक्त किया है। साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की है। उन्होंने अपनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। 


बता दें कि शुक्रवार शाम को तीर्थयात्रियों से भरी नाव पांटून पुल से टकराने के बाद वृंदावन स्थित बांकेबिहारी मंदिर से ढाईकिमी दूर स्थित केशी घाट के पास हादसे का शिकार हो गई थी। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि, पांच लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने भी एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश में नराव दुर्घटना में कई लोगों की मौत का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। 


बता दें कि पंजाब और हरियाणा से 132 श्रद्धालुओं का दल ब्रज की यात्रा पर आया था। देवराहा बाबा घाट तक नौका विहार के लिए यह दल शुक्रवार को दोपहर करीब ढाई बजे केसी घाट पहुंचा। मोटर संचालित निजी नावों से घूमना सभी ने तय किया। इसके बाद एक नाव पर 43 लोग सवार हो गए। नाविक ने छह लोगों को दूसरी नाव में शिफ्ट कर दिया। 37 तीर्थयात्रियों को लेकर नाव मांट-वृंदावन के बीच स्थित पांटून पुल के पास पहुंची। नाविक ने देखा कि सिल्ट सफाई के लिए पांटून पुल को जेसीबी से साइट में किया हुआ है। ऐसे में चालक ने जैसे ही मोटर वोट को मोड़ा तभी पांटून पुल का हिस्सा नाव से टकरा गया और वह असंतुलित होकर नदी में डूबने लगी। शनिवार सुबह तक 10 शवों को बाहर निकाला जा चुका था। वहीं नदी में डूबे छह श्रद्धालुओं को संयुक्त जिला चिकित्सालय लाया गया। इनमें से एक की रास्ते में ही मौत हो गई जबकि पांच लोगों को भर्ती कराया गया है। 
इस हादसे की जानकारी मिलते ही आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं। जिम्मेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि इस हादमें में जिन लोगों का इलाज चल रहा है उसका सारा खर्चा सरकार देगी। जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में मृृत लोगों के शवों को सरकार द्वारा एंबुलेंस से पंजाब उनके घरों तक पहुंचाया जाएगा। पोस्टमार्टम के लिए अतिरिक्त चिकित्सक लगाए गए हैं।