जन प्रवाद, ब्यूरो।
नई दिल्ली। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद अब पश्चिम बंगाल में राज्यपाल के इस्तीफे को लेकर राजनीति तेज हो गई है। हालांकि, बीजेपी बिहार, नागालैंड, तेलंगाना, महाराष्ट्र, दिल्ली सहित नौ राज्यों में राज्यपाल बदलेगी, उनके नामों की सूची भी जारी हो चुकी है। लेकिन, पश्चिम बंगाल में राज्यपाल के इस्तीफे को लेकर राजनीतिक भूचाल आ गया है।

इस बाबत मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि यह सब गृह मंत्री अमित शाह के दबाव की वजह से हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले इस तरह का फैसला गृहमंत्री अमित शाह ही ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि सीवी आनंदबोस ने इस्तीफा क्यों दिया, इसको लेकर कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि यह तो साफ है कि राजनीतिक फायदे को देखते हुए ही इस तरह का परिवर्तन किया जा रहा है।

नवंबर 2027 तक था कार्यकाल
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कहना है कि उन्हें शाह से पता चला है कि बोस के जाने के बाद तमिलनाडु के राज्यपाल एवं पूर्व उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार आरएन रवि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पद का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। बोस ने दिल्ली से बताया कि मैंने इस्तीफा दे दिया है। मैं साढ़े तीन साल तक बंगाल का राज्यपाल रहा हूं, यह मेरे लिए पर्याप्त है। बता दें कि उन्होंने अपने कार्यकाल की समाप्ति से लगभग 20 महीने पहले ही पद छोड़ दिया। इसके साथ ही वह पश्चिम बंगाल के लगातार दूसरे ऐसे राज्यपाल बन गए जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा करने से पहले ही पद छोड़ दिया।





