दुबई, एजेंसी। ओमान के तट के पास एक जहाज- एमटी सेट्टेबेलो पर हुए हमले में कई लोगों ने जान गंवाई है। इसमें तीन भारतीय भी शामिल हैं। जिन तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हुई है, इसमें एक उत्तर प्रदेश के देवरिया का है। मौत की पुष्टि होने के बाद परिवार में मातम पसर गया है। जिस जहाज पर हमला हुआ है, वह फिलीपींस के पास बसे देश- पलाऊ के झंडे वाला जहाज है। इस घटना में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर निवासी भारतीय नाविक आदित्य शर्मा ने भी जान गंवाई है। परिवार को गहरा सदमा लगा है।
आदित्य शर्मा जहाज पर डेक कैडेट के रूप में कार्यरत थे। मौत की पुष्टि के बाद उनके परिवार के सदस्यों ने घटना की जांच और आदित्य के पार्थिव शरीर को वापस लाए जाने की मांग की है। पलाऊ के ध्वज वाले जहाज / टैंकर- एमटी सेट्टेबेलो पर हमले से पहले भारतीय चालक दल के 24 सदस्य सवार थे। बुधवार को जारी बयान में अधिकारियों ने कहा था कि 21 को बचा लिया गया है, जबकि तीन लापता लोगों की तलाश की जा रही है।खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह ओमान के शिनास बंदरगाह के निकट एक पोत से जुड़ी घटना पर करीबी नजर रखे हुए है। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, हमें आज सुबह ओमान के शिनास बंदरगाह के निकट एक पोत से जुड़ी घटना की जानकारी मिली है। हम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और अधिक जानकारी के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। हालांकि, दूतावास ने घटना के बारे में कोई अतिरिक्त विवरण साझा नहीं किया। यह पोस्ट लगभग उसी समय की गयी, जब केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सबार्नंद सोनोवाल ने पुष्टि की कि ओमान तट के निकट एक वाणिज्यिक पोत पर अमेरिकी सैन्य हमले के बाद बुधवार को लापता बताए गए तीन भारतीय नाविकों की मृत्यु हो गई है।





