जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली: उत्तर भारत में मौसम के अलग- अलग रूप देखने को मिल रहे है। कभी बारिश तो कभी गर्मी ने लोगों को कन्फ्यूज कर दिया है। मौसम के बदलते तेवरों को देखते हुए यह अनुमान लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर कब इसी तरह का मौसम रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में सोमवार यानी 23 मार्च को आसमान में बादल छाए रहेंगे। बादलों के साथ- साथ रुक- रुक कर बारिश भी होगी। इसके अलावा अगले पांच दिन मौसम साफ रहेगा लेकिन फिर भी कुछ जगहों पर आसमान में बादल दिखाई देंगे।
बिहार में 3 दिन बाद हो सकती है बारिश
वहीं, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की बात करें तो यहां आज मौसम पूरी तरह साफ है। धूप खिली हुई है। अगले 5-6 दिन यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है। साथ ही, बिहार की राजधानी पटना में भी आज आसमान साफ है। लेकिन 3 दिन बाद कुछ इलाकों के आसमान में बादल छा सकते हैं और साथ में बारिश की भी संभावना है। इस दौरान, आसमान में बिजली कड़कती हुई भी सुनाई दे सकती है।

राजस्थान में बारिश के साथ बिजली भी कड़केगी
हरियाणा का मौसम देखें तो यहां रोहतक के आसमान में बादल अगले कुछ दिन आंख-मिचोली खेल सकते हैं। लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। वहीं, राजस्थान के राजधानी जयपुर में आज हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 25 और 26 मार्च को बिजली कड़कने के साथ तेज बारिश होने की संभावना है।
हिमाचल-उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर
IMD के अनुसार, वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज हल्की बारिश और बर्फबारी के साथ बिजली कड़क सकती है। यहां 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 26 मार्च से एक नया हल्का पश्चिमी विक्षोभ नॉर्थ-वेस्ट इंडिया को प्रभावित कर सकता है।





