गर्मी के तेवर और होंगे तीखे, 3 डिग्री सेल्सियस तक हो सकती है बढ़ोतरी 

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा: दिल्ली- एनसीआर में गर्मी के तेवर और तीखे होने वाले है। आगामी दिनों में दिल्ली-एनसीआर के तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते दिल्ली- एनसीआर अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके अलावा पूरे हफ्ते आसमान में बादल तो दिखाए देंगे परंतु बारिश नहीं होगी। सप्ताह के अंत में तापमान में कुछ राहत मिल सकती है।

मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, मथुरा, आगरा समेत पश्चिमी यूपी के अनेक जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इसी तरह का मौसम पूर्वी यूपी के जिलों गोरखपुर, अयोध्‍या, देवरिया, बस्‍ती और इटावा में भी देखने को मिल सकता है। सोमवार को नोएडा का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मार्च में हीटवेव की संभावना  
मार्च की शुरुआत में ही दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। दिन की शुरुआत ही तेज धूप से हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव का असर घरों के अंदर भी महसूस होने लगा है। जिन घरों में कुछ दिन पहले तक हल्के कंबल इस्तेमाल हो रहे थे वहां अब पंखे और एसी चलने लगे हैं। बाजारों में भी गर्मी का असर दिखने लगा है। ठंडे पेय पदार्थों, आइसक्रीम और गन्ने के रस की मांग बढ़ने लगी है। लोग खान-पान में भी हल्के और ठंडे विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।

आगामी दिनों में ऐसा रहेगा मौसम
स्काइमेट के अनुसार मार्च में नॉर्मल से ज्यादा गर्मी रहेगी और हीट वेव की संभावना है। इसके अलावा 18-22 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बताई गई है और अप्रैल-मई में धूल भरी आंधी चलेगी।