पृथ्वी पर मंडराया गंभीर खतरा, अचानक फटेगा निष्क्रिय ज्वालामुखी

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। मौसम वैज्ञानिक अलनीनो को लेकर कई बड़ी भविष्यवाणियां कर चुके हैं। अब भूगर्भ शास्त्रियों ने ऐसी बड़ी चेतावनी दी है जो संपूर्ण मानवता को ही खत्म कर देगी। वैज्ञानिकों के अनुसार दुनिया में ऐसे कई ज्वालामुखी हैं जो सुसुप्त अवस्था में हैं। अब उनमें अचानक विस्फोट होने वाला है। बड़ी बात यह कि ये इतनी तेजी से फटेंगे जैसे कोई उल्कापिंड धरती से टकरा गया हो।

दुनिया में लगातार आ रही हैं कुदरती आपदाएं 

दुनिया में लगातार कुदरती आपदाएं आ रही हैं। ये सिलसिला खत्म होने वाला नजर नहीं आ रहा है। दुनिया इस समय कई तरह के प्राकृतिक खतरों का सामना कर रही है, लेकिन वैज्ञानिकों ने अब एक ऐसे खतरे की ओर ध्यान दिलाया है, जिसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इस बार ऐसी आफत आएगी जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की होगी। बता दें कि धरती के विनाश के लिए वैज्ञानिक कई बार भविष्यवाणी कर चुके  हैं। उनके अनुसार किसी बड़े उल्कापिंड के धरती के टकराने से यह तबाही आएगी। दुनियाभर की एजेंसियां इन उल्कापिंडों को आसामान में ही खत्म करने की तैयारी में जुटी हुई हैं। अब भूगर्भ शास्त्रियों के अनुसार इस बार उल्कापिंड जैसी आपदा आसमान से नहीं बल्कि धरती के नीचे से आने वाली है। इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आसमान से आने वाली आपदा की तैयारी तो एजेंसियां कर रही हैं, लेकिन पृथ्वी के भीतर से आने वाली बड़ी मुश्किल से कैसे निपटेंगे। कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि इसी सदी में बाढ़ या सुनामी से नहीं बल्कि मैग्नीट्यूड-7 या उससे बड़े ज्वालामुखी विस्फोट होंगे। इससे बड़ी तबाही आएगी। अगर ऐसा विस्फोट हुआ तो पूरी दुनिया की जलवायु, खाद्य आपूर्ति और अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो जाएगी। नेचर जर्नल में प्रकाशित स्टडी के अनुसार विशाल ज्वालामुखी विस्फोट का खतरा एक किलोमीटर चौड़े उल्कापिंड  के पृथ्वी से टकराने जितना विनाशकारी हो सकता है। चिंता करने वाली बात यह है कि भीषण आपादा होने के बाद भी दुनिया में ज्वालामुखी आपदाओं से निपटने की तैयारी बेहद सीमित है। वैज्ञानिकों का कहना है कि सरकारें अंतरिक्ष से आने वाले एस्टेरॉयड की निगरानी और उनसे बचाव पर भारी निवेश कर रही हैं, लेकिन ज्वालामुखी विस्फोट जैसे खतरे को रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

टोंगा द्वीप के पास हुआ ज्वालामुखी विस्फोट

अध्ययनकर्ताओं के अनुसार प्रशांत महासागर में स्थित टोंगा द्वीप के पास हुआ ज्वालामुखी विस्फोट आधुनिक उपकरणों से दर्ज सबसे शक्तिशाली घटनाओं में से एक था। इससे भी 10 से 100 गुना अधिक शक्तिशाली विस्फोट हो सकते हैं। बता दें कि इतिहास में इसका सबसे बड़ा उदाहरण 1815 में इंडोनेशिया के माउंट तंबोरा में हुआ विस्फोट है। इस घटना में लगभग एक लाख लोगों की जान गई थी। इसकी वजह से वैश्विक तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई थी। फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई थी। खाद्य संकट पैदा हुआ और कई क्षेत्रों में अकाल और बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया था। इसका असर दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में महसूस किया गया।इसी तरह डेली स्टार की रिपोर्ट में भी इस तरह की भविष्यवाणी की गई है। रिपोर्ट के अनुसार 1815 के बाद दुनिया की आबादी 8 गुना और वैश्विक व्यापार करीब 40 गुना बढ़ चुका है। ऐसे में किसी बड़े विस्फोट का असर पहले के मुकाबले कहीं अधिक व्यापक हो सकता है। पिछले 60 हजार वर्षों में 97 बड़े ज्वालामुखी विस्फोट हुए हैं। उनके सभी संभावित स्थानों की पहचान नहीं हो पाई है। ऐसे में बेहतर निगरानी, जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान और जागरूकता बेहद जरूरी हो चुकी है।