मोदी मंत्रिमंडल का बड़ा फैसला, शुरू होगा एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। 14 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए मोदी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार जल्द ही राष्ट्रव्यापी एचपीवी ह्यूमन पैपिलोमावायरस टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करेगी। लड़कियों को गार्डासिल इंजेक्शन नि:शुल्क लगाया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस कार्यक्रम की जल्द ही शुरुआत की जाएगी। इस योजना के तहत लड़कियों को लगाने वाली क्वाड्रिवेलेंट एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर का कारण बनने वाले एचपीवी टाइप 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करेगी। इसके साथ ही यह टाइप 6 और 11 से भी सुरक्षा प्रदान करता है। आधिकारिक सूत्र के अनुसार मजबूत वैश्विक और भारतीय वैज्ञानिक प्रमाण इस बात की पुष्टि करते हैं कि अनुशंसित आयु वर्ग की लड़कियों में टीके की एक खुराक ही मजबूत और दीर्घकालिक सुरक्षा प्रदान करती है।
स्वैच्छिक किया जाएगा टीकाकरण 


सरकारी सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत टीकाकरण स्वैच्छिक और नि:शुल्क होगा, जिससे सभी सामाजिक-आर्थिक समूहों को समान रूप से टीकाकरण की सुविधा मिल सकेगी। बता दें कि राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण की शुरूआत सरकार की ऐसी शासन प्रणाली को दर्शाती है, जहां वैज्ञानिक प्रमाण, नीतिगत निर्णय और कार्यान्वयन की तत्परता मिलकर सार्वजनिक स्वास्थ्य पर उल्लेखनीय प्रभाव उत्पन्न करते हैं। सूत्र ने कहा कि देश भर के माता-पिता और अभिभावकों को आगे आकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कार्यक्रम शुरू होने के बाद उनकी 14 वर्षीय बेटियों को एचपीवी रोधी टीका लगाया जाए।
श्रीनगर हवाई अड्डे को 1,677 करोड़ रुपये 

 

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को एक और बड़ा फैसला लिया है। इसके अनुसार श्रीनगर हवाई अड्डे पर 1,677 करोड़ रुपये की लागत से 'सिविल एन्क्लेव' बनाने को मंजूरी दे दी है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सिविल एन्क्लेव परियोजना 73.18 एकड़ में फैली होगी और नया टर्मिनल भवन 71,500 वर्ग मीटर में बनेगा। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में परियोजना के लिए मंजूरी की घोषणा की। इस परियोजना की अनुमानित लागत 1,677 करोड़ रुपये है। नई टर्मिनल इमारत को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि यह व्यस्त समय में 2,900 यात्रियों को संभाल सके और इसकी वार्षिक क्षमता एक करोड़ यात्रियों की होगी। सरकार ने यह भी कहा कि इस परियोजना से रोजगार के अवसर पैदा होने और निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।