कानपुर (उप्र), एजेंसी। उत्तर प्रदेश के कानपुर में शादी को लेकर प्रेमिका से कथित विवाद के बाद एक व्यक्ति ने बुधवार शाम एक मॉल की दूसरी मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि मृतक की पहचान चमनगंज निवासी 36 वर्षीय इम्तियाज रियाज उर्फ सिकंदर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह सऊदी अरब में काम करता था और पिछले करीब 10 वर्षों से एक महिला के साथ उसके संबंध थे। उन्होंने बताया कि ऐसा जानकारी मिली है कि वह महिला से शादी करना चाहता था। सहायक पुलिस आयुक्त (स्वरूप नगर) ज्योति श्री ने बताया कि सिकंदर के विदेश में रहने के दौरान महिला के कथित तौर पर किसी अन्य युवक के साथ संबंध हो गए थे और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद था। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम सिकंदर अपने दो दोस्तों के साथ सर्वोदय नगर स्थित रेव मोती मॉल पहुंचा और महिला को भी वहां बातचीत के लिए बुलाया, इस दौरान दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत हुई लेकिन महिला ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, विवाद के बाद सिकंदर ने मॉल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी और सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा गंभीर रूप से घायल सिकंदर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में औपचारिक शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रेमिका से शादी को लेकर विवाद के बाद व्यक्ति ने मॉल की दूसरी मंजिल से छलांग लगाई हुई मौत
12-Nov-2026





