निर्माणाधीन पुल गिरा, छह मजदूरों की मौत तेज आंधी-तूफान से हुआ बड़ा नुकसान

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। यूपी के हमीरपुर जिले में गुरुवार देर रात तेज आंधी-तूफान ने कहर बरपा दिया। तेज तूफान से बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा ढह गया। इस हादसे में मलबे के नीचे दबकर छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूरों के फंसे होने की भी आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची। उन्होंने अति शीघ्र राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। 


मिली जानकारी के अनुसार थाना ललपुरा क्षेत्र के मोराकंदर परसानी और थाना कुरारा क्षेत्र के नैथी गांव को जोड़ने के लिए बेतवा नदी पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। गुरुवार रात करीब तीन बजे तेज आंधी और बारिश के कारण निर्माणाधीन पुल का स्लैब भरभराकर नीचे गिर गया। इस दौरान पुलिस निर्माण में लगे मजदूर स्लैब के नीचे सो रहे थे। अचानक हुए हादसे में मजदूर मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।


एसडीआरएफ की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। इस हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई है। जबकि, कुछ मजदूरों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। तीन मजदूर पुल के पिलर पर फंसे बताए गए, जिन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास चल रहा है। हादसे के मृतकों की पहचान बांदा जनपद के चिल्ला निवासी लोकेंद्र निषाद, कुलदीप निषाद, भूरागढ़ निवासी सावंत यादव, सभाजीत, हमीरपुर के स्वासा खुर्द निवासी पुष्पेंद्र सिंह चौहान तथा अचपुरा निवासी राजेश पाल के रूप में हुई है। 
बता दें कि आंधी इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए। बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और कई मकानों के टीनशेड उड़ गए। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सैकड़ों पेड़ सड़कों पर गिर गए। इससे सड़क मार्ग जाम हो गया जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।