जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता श्रीमती सावित्री देवी के निधन पर नोएडा में आतंकवाद विरोधी मोर्चा की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं एडवोकेट राजेंद्र पंडित के नेतृत्व में आयोजित सभा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर गहरा शोक व्यक्त किया।
सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर राजेंद्र पंडित ने कहा कि माता का निधन किसी भी संतान के जीवन की सबसे बड़ी पीड़ा होती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता का निधन पूरे समाज के लिए दुखद समाचार है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में हम सभी मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना करते हैं। श्रद्धांजलि सभा में पंडित एलएन शर्मा, हिमांशु शर्मा, ध्रुव शर्मा, अंकित शर्मा, रजत शर्मा एडवोकेट, सलीम प्रधान, आलम तुर्की, असीम चौधरी और दीपू चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





