दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश से मौसम हुआ सुहावना

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। रविवार की सुबह लोगों के लिए काफी आश्चर्यजनक थी। दिल्ली-एनसीआर में सुबह जैसे ही लोग उठे तो सुबह के समय पूरी तरह से अंधेरा नजर आया। लोगों ने पहले तो यह सोचा कि शायद अभी रात है, इसलिए अंधेरा छाया हुआ है। इसके बाद अचानक से जब तड़तड़ाहट की आवाज सुनाई दी तो लोग घरों से बाहर निकलने आसमान की ओर निहारने लगे। तब पता चला कि यह अंधेरा रात की वजह से नहीं है बल्कि आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और गरज के साथ पानी की फुहारें भी पड़ रही हैं। जी हां दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर प्रदेश में रविवार की सुबह बारिश की बूंदों से शुरू हुई। यही नहीं तेज हवाओं ने तापमान में भी गिरावट ला दिया।


बता दें कि रविवार सुबह यूपी के कई जिलों में ठीक-ठाक बारिश हुई। नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, सहित कई जनपदों में बारिश हुई। शनिवार को नोएडा का अधिकतम तापमान 32 और न्यूतम तापमान 21 डिग्री सेंटीग्रेट था। जबकि, रविवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान घटकर 17 डिग्री सेल्सियश रह गया। वहीं शुक्रवार को बांदा में तापमान 40 डिग्री से पार पहुंच गया था जो शनिवार को घटकर 38.4 डिग्री पर आ गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके चलते 15 मार्च से प्रदेश के तराई इलाकों के साथ-साथ पूर्वांचल के कुछ भागों में गर्मी शुरू होने के बाद पहली बारिश हुई। बारिश होने से तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शुक्रवार को तापमान 40 डिग्री पार हो गया था। पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने के साथ ही गर्मी का प्रकोप फिर से शुरू हो जाएगा। 

बता दें कि दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए रविवार की सुबह काफी राहत लेकर आई। सुबह आसमान में छाए बादलों और तेज हवाओं ने एकाएक तापमान कम कर दिया। साथ ही बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। इसके अलावा यूपी की राजधानी लखनऊ में भी तापमान में कमी आई। पश्चिमी यूपी के कई जनपदों में काफी बारिश हो गई। बारिश से किसानों को भी काफी फायदा हुआ। अचानक से गर्मी के प्रकोप से गेहूं की फसल अचानक से सूखने लगी थी। वहीं खेतों में टमाटर भी एकाएक पकने लगे थे। अब किसानों को थोड़ी सी राहत मिली है।