पुलिस से बचने को तेज रफ्तार में दौड़ाई, कार पत्रकार सहित कई वाहनों को मारी टक्कर

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
अमरोहा। अमरोहा में डायल 112 पुलिस से बचने के लिए एक कार चालक ने तेज रफ्तार में वाहन दौड़ा दिया। आरोप है कि भागती कार ने पत्रकार समेत कई लोगों और वाहनों को टक्कर मारने का प्रयास किया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार तेज रफ्तार से भागती नजर आ रही है।

मामला अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के बिजनौर मार्ग का है, जहां डायल 112 पुलिस एक नीले रंग की कार का पीछा कर रही थी। आरोप है कि पुलिस से बचने के लिए कार चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। चुना भट्टी चौराहे के पास भागती कार ने पत्रकार गौरव श्रीमाली की बाइक समेत रास्ते में मौजूद कई लोगों को टक्कर मारने का प्रयास किया। गनीमत रही कि हादसा होते-होते टल गया और लोग बाल-बाल बच गए।

बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने पीछा कर कार को पकड़ लिया। पत्रकार गौरव श्रीमाली का कहना है कि पुलिस कार का पीछा क्यों कर रही थी, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है, लेकिन तेज रफ्तार कार से उनकी जान और बाइक को खतरा पैदा हुआ। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार तेज रफ्तार से भागती दिखाई दे रही है। पत्रकार ने अमरोहा पुलिस से कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बाइट: गौरव श्रीमाली, पत्रकार अमरोहा