जन प्रवाद, ब्यूरो।
अलीगढ़। यूपी के अलीगढ़ में कांग्रेस पार्टी कार्यालय जंग का मैदान बन गया। पार्टी कार्यकर्ताओं में आपस में ही जमकर जूतम-पैजार हुआ। बमुश्किल कार्यकर्ताओं को शांत कराया गया। अब कांगे्रेस के पदाधिकारी सफाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार अलीगढ़ के रेलवे रोड स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय पर रविवार को राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम की समीक्षा बैठक में जमकर मारपीट हो गई। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने आपस में गाली-गलौज करते हुए एक-दूसरे को जमकर पीटा। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष शाहिद गुड्डू ने कांग्रेस सेवा दल के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में गौतमबुद्ध नगर के कोआॅर्डिनेटर आलोक गौड़ को थप्पड़ लगा दिया। वहीं आलोक गौड़ के साथ आए लोगों ने शाहिद गुड्डू की जमकर पिटाई कर दी। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं यूपी प्रभारी तौकीर आलम के समक्ष पार्टी कार्यालय में घंटों हंगामा चलता रहा। बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम का रविवार को अलीगढ़ दौरा था। वे बूथ और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक कर रहे थे। दोपहर 12 बजे के बाद समीक्षा बैठक शुरू होते ही पार्टी कार्यालय पर कांग्रेस सेवा दल के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में गौतमबुद्ध नगर के कोआॅर्डिनेटर आलोक गौड़ के कार्यालय सचिव सोनू वाल्मीकि की उपाध्यक्ष शाहिद गुद्दू से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

कहासुनी इतनी बढ़ गई कि सोनू वाल्मीकि और सौरभ नाम के व्यक्ति ने शाहिद गुड्डू को धक्का दे दिया। इस पर शाहिद गुड्डू भी बुरा भला कहने लगे। इस दौरान शाहिद ने जूता निकाल लिया और युवकों की ओर दौड़ पड़े। हंगामा होते देख पार्टी कार्यालय में बैठे कांग्रेस भी बाहर आ गए। बाहर आ रहे कांग्रेस सेवा दल के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के कोआॅर्डिनेटर आलोक गौड़ के उपाध्यक्ष शाहिद गुड्डू ने तमाचा जड़ दिया। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ठा. सोमवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष नवेद खान समेत अन्य कांग्रेसी बीच-बचाव करने लगे। मारपीट और हंगामे के दौरान पूर्व विधायक विवेक बंसल भी मौजूद रहे।

इस मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोमवीर सिंह का कहना है कि मारपीट करने वालों को मैं नहीं जानता हूं। शाहिद गुड्डू उपाध्यक्ष है, जिसको मैं जानता हूं। वहीं महानगर अध्यक्ष ने मारपीट करने वाले व्यक्ति को आरएसएस का बताया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव और यूपी ब्रज जोन के प्रभारी तौकीर आलम ने ब्लॉक, बूथ, वार्ड अध्यक्षों को बनाए जाने की समीक्षा की। इस मामले में सोनू वाल्मीकि ने कांग्रेस उपाध्यक्ष शाहिद गुड्डू के खिलाफ गांधी पार्क थाने में तहरीर दी है। आरोप लगाया कि शाहिद ने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। कांग्रेस सेवा दल के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में गोविंदनगर ब्लॉक अध्यक्ष आलोक गौड़ ने बताया कि शाहिद गुड्डू और मेरे कार्यालय में चाय पीने के दौरान शाहिद के पान की पीक को लेकर विवाद हुआ। जिसमें दोनों लोगों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते हंगामा हो गया।





