जन प्रवाद, ब्यूरो।
अमरोहा। अमरोहा जनपद के हसनपुर-गजरौला मार्ग पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। कार चालक शाहजेव ने किसी तरह कार से कूदकर अपनी जान बचाई। आग के कारण हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला अमरोहा जनपद के हसनपुर-गजरौला मार्ग का है। बताया जा रहा है कि शाहजेव अपनी कार से संभल से गजरौला की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक कार में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को कार रोककर बाहर निकलने का मौका मिलने तक का समय नहीं मिला। शाहजेव ने किसी तरह कार से कूदकर अपनी जान बचाई।

देखते ही देखते कार धूं-धूं कर जलने लगी। सड़क पर आग की लपटें देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग के चलते हसनपुर-गजरौला मार्ग पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग बुझने तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। फिलहाल, कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।





