जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। राजा रघुवंशी मर्डर केस को बेहद चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि हत्याकांड में पांच नहीं बल्कि छह लोग शामिल थे। इससे ऐसा एंगल सामने आया है, जो वाकई हैरान कर देने वाला है। पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्याकांड की असली मास्टरमाइंड सोनम है। राज कुशवाह को तो बस एक मोहरे की तरह इस्तेमाल किया गया है। सोनम किसी तीसरे शख्स के साथ भागने की फिराक में थी।
हत्याकांड में पांच नहीं छह लोग शामिल
मेघालय में इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। पत्नी सोनम समेत राजा की हत्या करने वाले सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। इस मर्डर केस ने फिर एक नया मोड़ ले लिया है। अब तक की तफ्तीश में यह साफ हुआ कै कि सोनम रघुवंशी ने ही राज कुशवाह और तीन आरोपियों संग मिलकर राजा की जान ली थी। अब तक की कहानी के अनुसार वह विधवा होने के बाद राज से शादी कर करना चाहती थी। वहीं पुलिस को अब तीसरे शख्स पर शक होने लगा है। पुलिस सूत्रों की मानें तो राज कुशवाह तो बस एक मोहरा था। उसका सोनम ने बस राजा की हत्या के लिए इस्तेमाल किया। जहां एक तरफ सोनम हत्या का मास्टरमाइंड राज को बता रही है। वहीं, राज इस हत्याकांड के लिए सोनम को मास्टरमाइंड बता रहा है।
हैरान कर देने वाला है नया एंगल
एक रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की निगरानी कर रहे वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सोनम ने सभी को झांसे में लेकर उनका इस्तेमाल किया। अब तक यह माना जा रहा था कि राज इस पूरे मामले का असली साजिशकर्ता है। उसे सोनम का बॉयफ्रेंड बताया जा रहा था। रिपोर्ट के अनुसार इस मामले में और भी बड़े खेल का खुलासा हो सकता है। पुलिस को शक है कि सोनम किसी तीसरे के साथ भागने की फिराक में थी। राज इस बड़े खेल से अनभिज्ञ था और इसलिए वह सोनम रघुवंशी की मदद करता रहा। अब यह तीसरा शख्स कौन है यह खुलासा होना बाकी है।
मोहरे की तरह इस्तेमाल हुआ राज कुशवाह
राज की मां चुन्नी देवी ने भी यही बात कही। बेटे के बचाव में दलील देते उन्होंने कहा कि मेरा बेटा मेहनती था। अपनी मेहनत से पैसा कमाने पर ध्यान देता था। सोनम ने उसे बहका दिया होगा। राज ऐसा नहीं कर सकता है, वह किसी को मार नहीं सकता। चुन्नी देवी बेटे का बचाव करते हुए कहा कि सोनम राज से उम्र में भी बड़ी थी। वह राज की बॉस थी। राज तो बस नौकर था। जो सोनम कहती गई होगी राज उसे करता गया होगा। वहीं, सोनम का परिवार और प्लाईवुड कंपनी में काम करने वाले लोग भी बार-बार दोहरा रहे हैं कि सोनम और राज के बीच प्रेम संबंध नहीं था। सोनम के भाई गोविंद ने भी कहा- राज सोनम को दीदी बोलता था। तीन साल से सोनम उसे राखी बांध रही थी। ऐसे में सवाल अब ये उठ रहा है कि अगर सोनम और राज के बीच सच में कोई ऐसा रिश्ता नहीं था तो उसने किसके लिए अपने पति की जान ली?
सोनम है हत्याकांड की असली मास्टरमाइंड
शिलांग पुलिस अब घटनास्थल पर सोनम और अन्य आरोपियों को ले जाएगी। वहां क्राइम सीन रीक्रिएट करके सबूत जुटाएगी। इसके बाद आरोपियों को इंदौर भी लाने की योजना है। राजा की हत्या के बाद सोनम इंदौर में कहां रुकी और किस-किस से मिली, इसकी तहकीकात के बाद नए पहलू सामने आ सकते हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि सोनम की जब जेल में राज के साथ वीडियो कॉल करवाई पर बात करवाई गई तो वो रोने लगी। उसने गुनाह कबूल कर लिया।
पुलिस ने किया एक और चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया है। सोनम ने राजा की हत्या के लिए प्लान बी भी तैयार रखा था। अगर किलर उसे नहीं मारते तो वह इस प्लान पर काम करती। वह हर हाल में राजा से छुटकारा पाना चाहती थी। इस हत्याकांड में हवाला कनेक्शन भी सामने आया है। इसमें जितेंद्र रघुवंशी का नाम जुड़ा है। जितेंद्र रघुवंशी का कनेक्शन सीधे सोनम के प्रेमी राज कुशवाहा से है। कहा जा रहा है कि दोनों मिलकर हवाले का धंधा चलाते थे। यही नहीं पुलिस को जितेंद्र के नाम पर चार बैंक अकाउंट मिले हैं। देवास के रहने वाले जितेंद्र रघुवंशी के नाम पर ये सभी करंट अकाउंट है। जिनमें लाखों का लेन-देन हुआ है। अब जांच की दिशा बिल्कुल बदलती दिख रही है। खुलासा ये भी हुआ है कि सोनम के सारे फाइनेंशियल कामकाज की कमान राज कुशवाहा के हाथ में थी। पैसों का लेन-देन, ट्रांजैक्शन, सब कुछ वही संभालता था। पुलिस को शक है कि इन्हीं पैसों के जरिए हवाला रूट से कुछ बड़ा ट्रांसफर हुआ है। इसके पीछे जितेंद्र रघुवंशी का हाथ हो सकता है।