जन प्रवाद, ब्यूरो।
नोएडा। गाजियाबाद में ईद उल अजहा पर युवक को चाकू से गोदकर हत्या करने का आरोपी रविवार सुबह एनकाउंटर में ढेर हो गया। पुलिस ने शव मेडिकल परीक्षण को भेज दिया है। डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि थाना खोड़ा इलाके में 28 मई को सूर्या चौहान नामक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, मुख्य हत्यारोपी वांचित चल रहा था जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगी हुई थीं। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।

पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि असद अपने कुछ साथियों से मिलने थाना खोड़ा क्षेत्र में आने वाला है। उनसे कुछ पैसे लेकर वह बाहर भागने की फिराक में था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कॉम्बिंग एवं बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान वसुंधरा क्षेत्र में असद अपने एक साथी के साथ बाइक से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। असद ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार असद पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में थाना खोड़ा में तैनात एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया है। मुठभेड़ के दौरान असद का दूसरा साथी भागने में कामयाब रहा। असद से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं।

बता दें कि सूर्या का मुख्य आरोपी से बाइक चलाने को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस के अनुसार, झगड़ा बकरीद के दिन सुबह के समय ही हुआ था। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है। सूत्रों की मानें तो चाकू सूर्या के शरीर में करीब चार इंच तक घुसा था। पुलिस ने मामले को हत्या की धारा में दर्ज करते हुए मुख्यारोपी के पिता नवाब, उसके साथी आतिफ व फरहान को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार सूर्या व मुख्यारोपी पहले से परिचित थे। दोनों अक्सर मिलते भी थे। बकरीद पर कुर्बानी दिखाने के लिए आरोपी ने सूर्या को बुलाया था। पहले तो सूर्या ने आरोपी से मना किया था। इसके बाद ईद की पार्टी और मुबारकबाद देने की बात कही। कुछ देर बातचीत के बाद सूर्या आरोपी की बुलाई जगह पर पहुंचा। इसके बाद यहां आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। शनिवार की सुबह से ही पीड़ित परिवार के घर लोगों का आना-जाना लगा रहा।

विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, राष्ट्रीय हनुमान दल और हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा सुबह से ही परिवार के साथ सड़क पर बैठे रहे। उन्होंने परिवार को न्याय मिलने तक हर कदम पर साथ रहने की बात कही।
खोड़ा की नवनीत विहार निवासी 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या के अंतिम संस्कार से पहले शनिवार को करीब 10 घंटे तक तनाव और हंगामा चलता रहा। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते पोस्टमार्टम के बाद दोपहर लगभग 1:30 बजे शव घर पहुंचते ही माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। इस बीच परिवार व स्थानीय लोगों ने अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। वह आरोपियों के एनकाउंटर, घर पर बुलडोजर चलाने और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। करीब चार घंटे तक चली बातचीत के बाद प्रशासन के आश्वासन पर सहमति बनी। सरकार की ओर से परिवार को सुरक्षा, शस्त्र लाइसेंस और आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिया गया।





