सुपर टाइफून बावी के लैंडफॉल से सहमी दुनिया, भारत में बारिश ने बरपाया कहर

जनप्रवाद ब्यूरो, नोएडा। सुपर टाइफून बावी का लैंडफॉल हो चुका है। प्रशांत महासागर में उठे इस चक्रवाती तूफान के जमीन से टकराने के बाद 290 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इसके अलावा मूसलाधार बारिश भी हो रही है। मौसम के इस रौद्र रूप ने अमेरिका में व्यापक पैमाने पर तबाही मचाई है।  अब यह चीन जापान की तरफ बढ़ रहा है। इसका प्रभाव भारत पर भी पड़ेगा।
भारत पर भी डालेगा असर


प्रशांत महासागर में बना सुपर टाइफून बावी भारत की मानसूनी बारिश पर बड़ा प्रभाव डाल सकता है। माना जा रहा है कि इसके असर से तेज बारिश बौछारों में बदल सकती है। यह समुद्री तूफान पांचवीं श्रेणी का है। यह मानसूनी हवाओं को अपनी तरफ खींच लेता है। अल नीनो प्रभाव के साथ ही यह टाइफून सक्रिय हो गया है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने इसकी जानकारी दी है। भारत में हालात की बात करें तो देश के बड़े हिस्से में मानसून की भारी बारिश ने तबाही मचाई है। महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ में एक बड़ा हादसा हुआ। यहां मोशी में कचरे का एक विशाल पहाड़ तीन मंजिला इमारत पर गिर गया। इस हादसे में 17 लोग मलबे में दब गए। मलबे से 8 लोगों को निकाल लिया गया है और बाकी लोगों को बचाने का काम जारी है। उधर, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू की गड़सा घाटी में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। इससे एक पुलिया बह गई और कई गांवों का संपर्क टूट गया।  रोहिणी सेक्टर-16 में निमार्णाधीन पांच मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में सड़क से गुजर रहे बाइक सवार की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि दो मजदूरों समेत तीन घायल हो गए। आशंका है कि चार से पांच अन्य लोग अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। इससे पहले केरल के वायनाड जिले में कल्लाडी-अनाक्कमपोयिल सुरंग निर्माण स्थल पर भीषण भूस्खलन हुआ था। मलबे से दो और शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या पांच हो गई है। 
भारी बारिश से मुंबई-दिल्ली में जाम

भारी बारिश के कारण दिल्ली और मुंबई में जगह-जगह जलभराव हो गया है। इससे लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। जम्मू-कश्मीर के कटड़ा में माता वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन के कारण यात्रा रोकनी पड़ी है। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बाढ़ और भूस्खलन से हालात खराब हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। 
टाइफून बावी ने बरपाया कहर

वहीं सुपर टाइफून बावी ने अमेरिका के प्रशांत महासागर क्षेत्र में स्थित गुआम और उत्तरी मारियाना द्वीपसमूह पर भीषण तबाही मचानी शुरू कर दी है। लगभग 290 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही लगातार हवाओं और 350 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने वाले तेज झोंकों के साथ यह महातूफान द्वीपों से टकराया। अमेरिकी राष्ट्रीय मौसम सेवा केंद्र ने इसे बेहद खतरनाक और 'जीवन के लिए गंभीर खतरा बताया है। साथ ही चेतावनी दी है कि इससे व्यापक और विनाशकारी नुकसान हो सकता है।  अधिकारियों के मुताबिक, रोटा से भारी नुकसान, पेड़ों के उखड़ने, मकानों को क्षति पहुंचने और कई इलाकों में बाढ़ की शुरूआती रिपोर्टें मिल रही हैं। तूफान के असर से गुआम में कई इलाकों की बिजली पहले ही गुल हो चुकी है। अनेक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। अचानक आने वाली बाढ़ और भूस्खलन जैसी स्थितियों के प्रति भी चेतावनी जारी की गई है। 
फ्रांस के बराबर बावी का आकार 
सुपर टाइफून बावी का आकार फ्रांस के बराबर बताया जा रहा है। यह महाविनाशकारी तूफान ताइवान और चीन की ओर बढ़ रहा है। 200 किलोमीटर की रफ्तार वाले इस तूफान के कारण ताइवान, चीन और जापान में हाई अलर्ट जारी है। चीन ने इसको सदियों का सबसे शक्तिशाली तूफान बताया है। साथ ही प्रशासन ने लोगों से जरूरी सामान का स्टॉक रखने और आपातस्थिति से निपटने को तैयार रहने की अपील की है।