जन प्रवाद, ब्यूरो।
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर म्यू-2 स्थित शिव शक्ति अपार्टमेंट में आवारा कुत्तों का आतंक जारी है। अभी तक आवारा कुत्ते आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। सोसाइटी के लोग घर से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं। ज्यादातर लोग डंडा लेकर घर से बाहर निकल रहे हैं।

जानकारी के अनुसार सोसाइटी में रहने वाले रेजिडेंस का कहना है एक संदिग्ध रूप से पागल कुत्ते ने पहले कई अन्य कुत्तों पर हमला किया। इसके बाद इलाके में आधा दर्जन से ज्यादा कुत्ते आक्रामक हो गए हैं। इन कुत्तों ने अब तक कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। ताजा मामला आज सुबह का है, जब एक महिला पर कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में महिला का हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। चोट इतनी गहरी थी कि महिला को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा और हाथ का आॅपरेशन करना पड़ा। सोसाइटी के लोगों का कहना है कि बच्चे कई दिनों से घरों में कैद हैं। लोग बाहर निकलते समय सुरक्षा के लिए हाथ में डंडा लेकर चल रहे हैं। डिलीवरी बॉय हों या सफाई कर्मचारी, सभी भय के साये में काम कर रहे हैं। सफाई कर्मचारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके सुपरवाइजर पर भी कुत्तों ने हमला किया था।

निवासियों का आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग और प्राधिकरण के अधिकारी इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोग लगातार आवारा और आक्रामक कुत्तों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। शिव शक्ति अपार्टमेंट में दहशत का माहौल है और लोग यही सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा।





