नोएडा की समस्याओं को लेकर सपा की बैठक, विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर हुई चर्चा

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
नोएडा। समाजवादी पार्टी नोएडा विधानसभा क्षेत्र की ओर से सेक्टर- 51 स्थित एक होटल में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक आ आयोजन विधानसभा अध्यक्ष ठा. बबलू चौहान के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विचार विमर्श किया गया। 
बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ठा. बबलू चौहान ने कहा कि बीजेपी की सरकार में किसान, नौजवान, छात्र और गरीब बेहद परेशान हैं। पढ़े लिखे युवा बेरोजगार घूम रहे हैं, लेकिन सरकार उनके हित में कोई कदम नहीं उठा रही है।

उन्होंने कहा कि नोएडा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी करण क्षेत्रों में स्थिति बद से बदतर हो गई है। नोएडा की सड़कें टूटकर गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है। गांवों में हल्की सी बारिश होने पर रास्ते तालाब में तब्दील हो जाते हैं। बबलू चौहान ने कहा कि नाले गंदगी से अटे पड़े हैं। गांवों में पानी निकासी के सही इंतजाम नहीं हैं। कोई अपना कार्य जिम्मेदारी से करने वाला नहीं है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी एवं ठेकेदार जमीन पर बिना कार्य किए हुए आपस में बंदरबाट कर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। नोएडा विधानसभा क्षेत्र की जनता अबकी बार समाजवादी पार्टी का विधायक चुनकर विकास की रुकी हुई गति को फिर से गति देने का काम करेगी। 


इस अवसर पर महानगर उपाध्यक्ष मुकेश प्रधान ने कहा कि बीजेपी सरकार में जनता त्रस्त है। किसान अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन उनकी फरियाद कोई सुन नहीं रहा है। महानगर उपाध्यक्ष मनोज गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास की गंगा बहाने वाले विकास पुरुष अखिलेश यादव को जनता याद कर रही है और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में पीडीए समाजवादी सरकार बनाने के लिए नोएडा विधानसभा के कार्यकर्ताओं को अभी से अपनी नोएडा विधानसभा में जान से जुट जाना चाहिए।

विधानसभा अध्यक्ष ने नोएडा विधानसभा क्षेत्र की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए अजित विश्वास को विधानसभा उपाध्यक्ष, गुड्डू चौधरी को विधानसभा महासचिव, मौ. शमसुद्दीन को विधानसभा सचिव, राकेशपाल को विधानसभा सचिव, नीरज प्रजापति व धीरज कुमार को सदस्य मनोनीत किया गया। नवनियुक्त कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने पार्टी के प्रति बढ़ चढ़कर कार्य करने व समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया। बैठक का संचालन विधानसभा उपाध्यक्ष रंजीत पटेल ने किया। इस मौके पर बबलू चौहान के अलावा मुकेश प्रधान, मनोज गोयल ,रंजीत पटेल, वीरेंद्र पहलवान, मोहित गौतम, सुमित कुमार,संतोष चौटाला,रविंदर गौतम, संतोष यादव,गुड्डू चौधरी, समसुद्दीन, राकेश पाल, धीरज कुमार, नीरज प्रजापति, मयंक कुमार आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।