ह्यूस्टन, एजेंसी। भारत में जन्मीं वैज्ञानिक कविता राधाकृष्णन को ऑस्टिन स्थित टेक्सास विश्वविद्यालय से संबद्ध नर्सिंग स्कूल का पांचवा डीन नियुक्त किया गया है। विश्वविद्यालय ने यह जानकारी दी। नर्सिंग में ‘लॉरा ली ब्लैंटन’ पीठ का कार्यभार संभाल रहीं राधाकृष्णन ने छह मार्च को अंतरिम डीन का पदभार ग्रहण किया था और एक सितंबर को पूर्णकालिक डीन के रूप में जिम्मेदारी संभाली। नर्सिंग स्कूल ने एक बयान में कहा कि वह 2012 से विश्विद्यालय में शिक्षिका के तौर पर कार्य कर रही हैं। राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘हम नर्सिंग के लिए एक निर्णायक दौर में प्रवेश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और प्रौद्योगिकी में असाधारण गति से बदलाव हो रहे हैं। इससे चुनौतियां तो आ रही हैं, लेकिन साथ ही शिक्षा, अन्वेषण, देखभाल और नेतृत्व के तरीकों को नए सिरे से सोचने के अभूतपूर्व अवसर भी मिल रहे हैं।’’ टेक्सास विश्वविद्यालय, ऑस्टिन के कार्यकारी उपाध्यक्ष और वरिष्ठ शैक्षणिक प्रशासक विलियम इनबोडेन ने कहा, ‘‘नर्सिंग स्कूल विश्वविद्यालय के बढ़ते शैक्षणिक स्वास्थ्य उद्यम के लिए बहुत जरूरी है और डॉ. राधाकृष्णन इस अहम विकास के दौर के लिए सही नेता हैं।’’राधाकृष्णन का जन्म और पालन-पोषण भारत में हुआ है और उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका जाने से पहले मुंबई विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक की उपाधिक हासिल की। बाद में, बोस्टन के एक अस्पताल में स्वयं सेवक के तौर पर काम करने के बाद उन्होंने नर्सिंग का पेशा अपनाया। वहां उन्हें इस पेशे के विश्लेषण और समस्या-समाधान वाले पहलुओं के साथ-साथ मरीजों और नर्सों की मदद करने में प्रौद्योगिकी की क्षमता में भी दिलचस्पी हुई। उन्होंने 65 से अधिक शोधपत्र लिखे हैं और नेशनल इंस्टीट्यूट्स ऑफ़ हेल्थ और टेक्सास डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ एंड ह्यूमन सर्विसेज जैसी एजेंसियों से एक करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक वित्त प्राप्त किया।
भारत में जन्मीं वैज्ञानिक राधाकृष्णन टेक्सास विवि से संबद्ध नर्सिंग स्कूल की डीन बनाई गईं
11-Sep-2026





