सम्भल में ‘अवैध’ मस्जिद में किया जा रहा है ध्वस्तीकरण

सम्भल (उप्र), एजेंसी। जिले के असमोली क्षेत्र के एक गावं में 130 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर कथित तौर पर अवैध रूप से बनी मस्जिद का ध्वस्तीकरण बृहस्पतिवार को किया जा रहा है और इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। असमोली के पुलिस क्षेत्राधिकारी अमन सिंह ने पत्रकारों को बताया कि लगभग सवा महीने पहले पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को स्थानीय लोगों से ये सूचना प्राप्त हुई कि थाना एचौड़ा कंबोह के कुतुबपुर सत्ता गांव में अवैध तरीके से एक मस्जिद का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि आबादी की जमीन पर लगातार मस्जिद निर्माण की कारवाई की जा रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि सूचना पाकर राजस्व और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की, तो यह पूरा निर्माण अवैध पाया गया। इसके संबंध में जांच के बाद उप जिलाधिकारी (सम्भल) द्वारा एक आदेश पारित किया गया और पूरे निर्माण को को अवैध घोषित करते हुए इसे गिराने का आदेश दिया गया था। सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को मस्जिद के ध्वस्तीकरण का काम शुरू कर दिया गया है। राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल मौके पर मौजूद है। सुरक्षा के मददेनजर यहां लगभग चार थाना अध्यक्ष और 10 थानों का पुलिस बल मौजूद है। इसके साथ एक प्लाटून पीएसी की भी तैनाती की गयी है।