आग लगने से सैलून जलकर राख, सोलर पैनल में हुआ था शॉर्ट सर्किट

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
अमरोहा। अमरोहा जनपद के जोया कस्बे में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक सैलून में लगे सोलर पैनल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा सैलून उसकी चपेट में आ गया और जलकर पूरी तरह राख हो गया। बताया जा रहा है कि सोलर पैनल में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी, जिसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कई घंटों में आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक सैलून में रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। यह घटना थाना डिडौली क्षेत्र के जोया कस्बे की है। फायर विभाग और पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।