नयी दिल्ली, एजेंसी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर 16 से 17 सितंबर तक भूटान की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे और इस दौरान वह भूटान के अपने समकक्ष के साथ बातचीत तथा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि यात्रा के दौरान जयशंकर को भूटान के नरेश से शाही मुलाकात का अवसर मिलेगा। इसके अलावा वह भूटान के प्रधानमंत्री से भी मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, विदेश मंत्री जयशंकर भूटान के विदेश एवं विदेश व्यापार मंत्री ल्योनपो डी. एन. ढुंग्येल के निमंत्रण पर 16 से 17 सितंबर तक भूटान की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यात्रा के दौरान जयशंकर भूटान के विदेश मंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘यह यात्रा भारत और भूटान के बीच नियमित उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा के अनुरूप है। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद घनिष्ठ मित्रता और सहयोग के संबंधों को और मजबूत करना है।’’





