झारखंड के रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, सात लोगों की मौके पर मौत, एक घायल

जन प्रवाद, ब्यूरो। 
झारखंड। गुरुवार देर रात झारखंड के रामगढ़ जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में सात लोगों की मौत होने की खबर है। साथ ही एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। स्थानीय पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना रामगढ़ जिले के राजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी के पास हुई। रामगढ़-बोकारो मार्ग पर करीब 12 बजे एक यात्री वाहन और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वाहन में सवार ताशा पार्टी के सदस्य बुरी तरह घायल हो गए। हादसे में सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल को तुरंत रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। 
मृतकों में राजरप्पा थाना क्षेत्र के मरांगमरचा के लोग भी शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।