श्री बांकें बिहारी मंदिर में यूट्यूबर्स की नो एंट्री, होली को लेकर तैयारियां पूरी 

जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली : विश्व प्रसिद्ध श्री बांकें बिहारी मंदिर में अनाधिकृत वीडियो बनाने और रील बनाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रतिबंध आम भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए और भ्रामक दावों पर लगाम कसने के लिए लगाया गया है। मंदिर की हाई पावर कमेटी का कहना है कि सोशल मीडिया इंफ्ल्यूंसर्स और यूटयूबर्स वीडियो के कारण कई बार दर्शन की कतार को रोक देते है और भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा है जिससे दिक्कत होती है, ऐसे में इस पर पाबंदियां लगा दी गई है। इसके अलावा पत्रकारों और मीडियाकर्मियों के लिए भी नई गाइडलाइन बनाई गई है।

मथुरा के वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर की हाई पावर कमेटी ने मंदिर परिसर की मर्यादा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा निर्णय लिया है। कमेटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अशोक कुमार और जिला मजिस्ट्रेट चन्द्र प्रकाश सिंह ने स्पष्ट किया है कि मंदिर परिसर में अब अनाधिकृत, अपंजीकृत और भ्रांति फैलाने वाले यूट्यूबर्स का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन का मानना है कि ये सोशल मीडिया संचालक अक्सर गलत जानकारियां साझा करते हैं, जिससे श्रद्धालुओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा होती है।

पंजीकृत मीडिया को राहत, प्रवेश के लिए निर्देश जारी
जहां यूट्यूबर्स पर सख्ती बरती गई है वहीं प्रशासन ने वास्तविक मीडिया कर्मियों को राहत दी है। हाई पावर कमेटी ने स्पष्ट किया है कि मान्यता प्राप्त, पंजीकृत और अधिकृत मीडिया के प्रवेश पर किसी भी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई है। अधिकृत मीडिया संस्थान मंदिर परिसर में प्रवेश कर सकते हैं और अपनी कवरेज जारी रख सकते हैं। यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि मंदिर से जुड़ी सही और प्रामाणिक जानकारी जनता तक पहुँच सके और भ्रामक खबरों पर लगाम लगाई जा सके।

रंगभरनी एकादशी से पांच दिवसीय होली का त्यौहार शुरू
आज रंगभरनी एकादशी से पांच दिवसीय होली के त्यौहार की शुरुआत हो रही है। पांच दिवसीय त्यौहार में काफी संख्या में भक्तों के जुटने की उम्मीद है, ऐसे में प्रशासन की ओर से युद्ध स्तर पर तैयारी की गई है। पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अलावा भीड़भाड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस की भी सुदृढ़ व्यवस्था की गई है, ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि इस वर्ष होली के त्यौहार के दौरान भक्तों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी।